UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. राज्य में इस समय कोई भी सक्रिय मौसम सिस्टम न होने की वजह से आसमान पूरी तरह साफ है, जिससे सूरज की सीधी किरणें धरती को भट्टी की तरह तपा रही हैं. इसके साथ ही मध्य भारत के ऊपर बने एंटी-साइक्लोन और राज्य के दक्षिणी हिस्से से आ रही सूखी पछुआ हवाओं ने आग में घी का काम किया है. मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 24 मई को प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को बेहद सावधान रहने की सलाह दी है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है. आज दिन में जहां चुभती हुई खतरनाक लू चलेगी, वहीं कई जिलों में रातें भी बेहद गर्म और बेचैन करने वाली होंगी.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में आज है रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने आज सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जहां 'भीषण ऊष्ण लहर' चलने की पूरी संभावना है. इसका मतलब है कि यहां दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं होगा. इसमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रवि दास नगर (भदोही) जैसे जिले शामिल हैं. इन सभी जिलों से सटे इलाकों में भी सूरज की तपिश और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल करेंगी.
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
रेड अलर्ट वाले जिलों के अलावा एक बड़ा हिस्सा ऐसा है जहां मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां भी लू का असर गंभीर रहेगा और लोगों को पूरी तैयारी के साथ रहने को कहा गया है. इसमें सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर शामिल हैं.
येलो अलर्ट वाले जिले
आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज एवं आस-पास के जिलों में ऊष्ण लहर (लू) चलने की संभावना जताई गई है.
रात में भी नहीं मिलेगी चैन की नींद
इस बार की गर्मी की सबसे बड़ी मुसीबत यह है कि सूरज डूबने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, आज रात को भी कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा, जिसे 'उष्ण रात्रि' कहा जाता है. फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन और हमीरपुर जैसे जिलों में तपेगी रात.
आम जनजीवन और सेहत पर क्या होगा असर?
आम जनजीवन और सेहत पर क्या होगा असर?मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस तरह की भीषण लू हर उम्र के लोगों के लिए नुकसानदेह हो सकती है.
हीट स्ट्रोक का खतरा: सभी उम्र के लोगों में हीट रैश (घमौरियां) और हीट स्ट्रोक (लू लगना) की स्थिति बन सकती है.
मजदूरों और किसानों को सबसे ज्यादा रिस्क: धूप में लगातार काम करने वाले मजदूरों, ईंट-भट्ठा श्रमिकों और किसानों में पानी की कमी (निर्जलीकरण) और अचानक तबीयत बिगड़ने की प्रबल आशंका है.
पशुधन और फसलों पर मार: इस भयानक गर्मी का सीधा असर खुले में रहने वाले मवेशियों और खेतों में खड़ी सब्जियों व फसलों पर पड़ेगा .
डॉक्टरों और मौसम विभाग की जरूरी सलाह
बचाव के लिए मौसम केंद्र लखनऊ ने कुछ बेहद जरूरी बातें साझा की हैं, जिनका पालन करना इस वक्त बहुत जरूरी है.
दोपहर में बाहर जाने से बचें: विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच लंबे समय तक सीधे धूप में रहने से बचें .
कपड़ों का चुनाव: हल्के रंग के, ढीले-ढाले और पूरी आस्तीन वाले सूती कपड़े ही पहनें. बाहर निकलते समय सिर को टोपी, कपड़े या छतरी से जरूर ढकें.
लिक्विड डाइट बढ़ाएं: प्यास न लगी हो तब भी लगातार पानी पीते रहें . शरीर में पानी की कमी पूरी करने के लिए ओआरएस (ORS) घोल, घर की बनी लस्सी, छाछ, नींबू पानी या आम का पन्ना लें.
किसानों के लिए टिप्स: खेतों में नमी बनाए रखने के लिए शाम या रात के समय हल्की सिंचाई करें. दोपहर के वक्त पालतू जानवरों को शेड या छायादार जगह पर बांधें और उन्हें पर्याप्त पानी दें.
यह भी पढ़ें: Shukra Ketu Yuti: जुलाई में बनने जा रही शुक्र-केतु की खतरनाक युति, इन 3 राशियों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
ADVERTISEMENT









