यूपी के इन 2 PCS अधिकारियों की हो गई सगाई, महोबा में 200 मीटर की दूरी पर थे दोनों के दफ्तर

नाहिद अंसारी

• 04:27 PM • 26 Oct 2026

उत्तर प्रदेश के महोबा में तैनात PCS अधिकारी राहुल मिश्रा और जिला सेवायोजन अधिकारी आकांक्षा बाजपेयी ने चित्रकूट के एक निजी होटल में सगाई कर ली है. दोनों के परिवारों की सहमति से शादी की तारीख 30 नवंबर तय हुई है.

UPTak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में तैनात दो PCS अधिकारियों ने सगाई कर ली है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) राहुल मिश्रा और जिला सेवायोजन अधिकारी आकांक्षा बाजपेयी ने चित्रकूट में एक सादगीपूर्ण समारोह में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई. दोनों के परिवारों की सहमति से शादी की तारीख 30 नवंबर तय की गई है. विवाह समारोह मध्य प्रदेश के खजुराहो में होगा.

यह भी पढ़ें...

राहुल मिश्रा और आकांक्षा बाजपेयी महोबा में अलग-अलग विभागों में तैनात हैं. दोनों के दफ्तरों के बीच महज 200 मीटर की दूरी है. कामकाज के सिलसिले में दोनों का एक-दूसरे से मिलना होता था. अब दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया है.

दोनों की सगाई चित्रकूट के एक निजी होटल में हुई. समारोह में परिवार के करीबी सदस्य शामिल हुए. कार्यक्रम सादगी के साथ संपन्न हुआ. सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों को बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया.

कौन हैं राहुल मिश्रा और आकांक्षा बाजपेयी?

राहुल मिश्रा वर्ष 2020 बैच के PCS अधिकारी हैं. मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं. उन्होंने जुलाई 2024 में महोबा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का कार्यभार संभाला था. इस पद पर रहते हुए वह जिले में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े कामकाज देखते हैं.

आकांक्षा बाजपेयी मूल रूप से बांदा जिले की रहने वाली हैं. पिछले तीन वर्षों से महोबा में जिला सेवायोजन अधिकारी के रूप में तैनात हैं. उनका विभाग रोजगार से जुड़ी सेवाओं और योजनाओं का काम देखता है.

30 नवंबर को खजुराहो में होगी शादी

सगाई के बाद अब दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटेंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक, 30 नवंबर को खजुराहो में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा. दोनों अधिकारियों के सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए बधाई दी है.

महोबा के प्रशासनिक हलकों में दोनों अधिकारियों की सगाई की चर्चा है. अलग-अलग विभागों में जिम्मेदारी निभा रहे राहुल मिश्रा और आकांक्षा बाजपेयी अब जीवन की नई पारी साथ शुरू करने जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें- लखनऊ में पार्किंग विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, सिर और सीने में गोली लगने से तीन लोगों की मौत