जेवर एयरपोर्ट इन 4 एक्सप्रेसवे से हो जाएगा कनेक्ट, सड़क विस्तार से 5 जिलों और 20+ सेक्टरों को होगा फायदा

यूपी तक

• 02:17 PM • 26 Oct 2026

जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा से यमुना सिटी तक जाने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार किया जाएगा. यीडा क्षेत्र में सड़क करीब 29 किलोमीटर लंबी होगी और इसे एयरपोर्ट से आगे पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे तक ले जाने की योजना है.

UPTak
Google CTA

Noida International Airport Connectivity: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आने वाले समय में और आसान हो सकता है. ग्रेटर नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट होते हुए यमुना सिटी तक जाने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार किया जाएगा. इससे एयरपोर्ट को चार एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है. सड़क बनने से गाजियाबाद से लेकर आगरा, मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाले लोगों को भी फायदा मिल सकता है.

यह भी पढ़ें...

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुताबिक, इस सड़क के यमुना सिटी वाले हिस्से को एयरपोर्ट से आगे पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे तक ले जाने की योजना है. इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलावा आसपास के जिलों से एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी. सड़क यमुना सिटी के 20 से अधिक सेक्टरों को भी आपस में जोड़ेगी.

चार एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

130 मीटर चौड़ी सड़क के विस्तार से जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कई प्रमुख मार्गों से जुड़ाव मिलेगा. हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, योजना के तहत सड़क एनएच-24, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगी.

फिलहाल, 130 मीटर चौड़ी सड़क ग्रेटर नोएडा के सिरसा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौराहे तक बनी हुई है. चार मूर्ति से मार्ग एनएच-24 तक जाता है और गाजियाबाद के प्रताप विहार तक पहुंचता है. अब इसका विस्तार यमुना सिटी में किया जाना है. एयरपोर्ट से आगे इसे पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे तक ले जाने की योजना है. इससे गाजियाबाद की ओर से आने वाले लोगों को भी एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए सीधा मार्ग मिल सकेगा.

परी चौक जाने की जरूरत कम होगी

इस सड़क का एक फायदा आगरा, मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाले लोगों को भी मिल सकता है. यीडा के सेक्टर-21 के पास यह सड़क प्रस्तावित जेवर लिंक एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी. करीब 74.3 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा.

लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 95 प्रतिशत तक जमीन खरीदी जा चुकी है. इसके तैयार होने पर यमुना एक्सप्रेसवे से यमुना सिटी के सेक्टरों को दोनों तरफ से कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले लोगों को एयरपोर्ट जाने के लिए परी चौक तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

29 किलोमीटर लंबी होगी यमुना सिटी में सड़क

यीडा क्षेत्र में इस सड़क की लंबाई करीब 29 किलोमीटर होगी. यह अलौंदा गांव से शुरू होगी. इसके निर्माण के लिए करीब 812 एकड़ जमीन खरीदी जानी है.

सड़क केवल एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे को जोड़ने तक सीमित नहीं रहेगी. इससे यमुना सिटी के 20 से अधिक सेक्टरों के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है. इनमें सेक्टर-1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 8बी, 8सी, 8डी, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 16, 16ए, 18 और 31बी समेत अन्य सेक्टर शामिल हैं.

इन सेक्टरों में औद्योगिक, व्यावसायिक और दूसरी गतिविधियों के विस्तार के साथ बेहतर सड़क संपर्क की जरूरत बढ़ेगी. नई सड़क से सेक्टरों के बीच आने-जाने के लिए अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध होगा.

सड़क बनाएगा NHAI, बजट यीडा देगा

सड़क के निर्माण की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को देने का फैसला किया गया है. यीडा और NHAI के बीच इसे लेकर मौखिक सहमति बन चुकी है. अब इसके लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं. योजना के मुताबिक, सड़क का निर्माण NHAI करेगा, जबकि इसका बजट यमुना विकास प्राधिकरण देगा. 

130 मीटर चौड़ी सड़क को NHAI से बनवाने का निर्णय लिया गया है. यमुना एक्सप्रेसवे के बाद शहर की सबसे अहम सड़कों में से एक होगी, जो एयरपोर्ट को कई जिलों और शहरों से जोड़ेगी.

- राजेंद्र भाटी, यीडा के महाप्रबंधक परियोजना

ये भी पढ़ें- यूपी में 565 KM के 3 नए एक्सप्रेसवे की तैयारी, 650 गांवों से गुजरेगा नेटवर्क, इन जिलों को मिलेगा फायदा