क्या राहुल गांधी की बढ़ने वाली हैं मुश्किलें? सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट आज मानहानी मामले में सुनाएगी फैसला

संतोष शर्मा

26 Oct 2026 (अपडेटेड: 26 Oct 2026, 10:55 AM)

Rahul Gandhi Defamation Case: सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट आज राहुल गांधी के खिलाफ पुराने मानहानी मामले में बड़ा फैसला सुनाने वाली है. यह मामला साल 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी द्वारा तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है.

Rahul Gandhi

Rahul Gandhi

Google CTA

Rahul Gandhi Defamation Case: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें आज बढ़ सकती हैं. सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत आज उनके खिलाफ छह साल पुराने मानहानि मामले में अपना फैसला सुनाने वाली है. यह पूरा विवाद साल 2018 में तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को लेकर की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है. फैसले के दिन को देखते हुए राहुल गांधी लखनऊ पहुंच चुके हैं. इस दौरान लखनऊ एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

यह भी पढ़ें...

साल 2018 में शुरू हुआ था विवाद

ये मामला 8 मई 2018 का है. कर्नाटक में चुनाव थे और राहुल गांधी बेंगलुरु में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. तभी उन्होंने अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उस समय अमित शाह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे. इस बयान से नाराज होकर 4 अगस्त 2018 को बीजेपी नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी.

अदालत में पेशी और मिली जमानत

सुल्तानपुर की अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को तलब किया था. इसके बाद 20 फरवरी 2024 को कांग्रेस नेता अदालत में पेश हुए और सरेंडर कर दिया जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी. आगे चलकर 26 जुलाई 2024 को राहुल ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया और 9 अक्टूबर 2024 को शिकायतकर्ता विजय मिश्रा की गवाही हुई.

गवाहों के बयान और वॉयस सैंपल

साल 2025 में 28 फरवरी और 8 दिसंबर को शिकायतकर्ता के दो गवाह अनिल मिश्रा और रामचंद्र दुबे की गवाही दर्ज की गई. इसके बाद 20 फरवरी 2026 को राहुल गांधी का बयान दर्ज हुआ. इसी बीच शिकायतकर्ता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के वॉयस सैंपल के मिलान की मांग करते हुए कोर्ट में अर्जी दी. हालांकि मजिस्ट्रेट कोर्ट, सेशन कोर्ट और 10 सितंबर 2026 को हाईकोर्ट ने भी उनकी इस अर्जी को खारिज कर दिया था.

सुनवाई पूरी, आज आएगा अंतिम फैसला

इस मामले में 6 अक्टूबर 2026 को अंतिम बहस शुरू हुई थी और 12 अक्टूबर को अदालत में केस की पूरी सुनवाई खत्म हो गई थी. अब आज यानी 26 अक्टूबर 2026 को सुल्तानपुर की विशेष अदालत इस पुराने मानहानि मामले में अपना अंतिम फैसला सुनाएगी जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं.

यह भी पढ़ें: झांसी में किन्नरों ने नग्न होकर सड़क पर किया हंगामा, पुलिस और राहगीरों से मारपीट, 5 आरोपी गिरफ्तार