UP News: यूपी के लखनऊ में 34 साल के काजी अहमद जैद का शव उनके घर की छत पर पड़ा मिला. बताया जा रहा है कि उन्होंने कनपटी पर गोली मारकर कथित तौर से खुद ही अपनी जान दी है. हैरानी की बात ये भी है कि उनके पास से कोई भी आखिरी नोट नहीं मिला है. मृतक एक्सिस बैंक में डिप्टी मैनेजर थे. अहमद जैद की मौत से आदिल नगर में हड़कंप मचा हुआ है.
ADVERTISEMENT
फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं. शव को कब्जे में लेकर, उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि घटना की रात वह शादी में गए थे और रविवार रात करीब 12.30 बजे ही वह शादी से वापस घर आए थे.
पत्नी को लगा बैंक चले गए पति
सोमवार सुबह जब पत्नी की नींद खुली तो जैद कमरे में नहीं दिखे. पहले परिजनों को लगा कि वह बैंक चले गए होंगे, लेकिन जब उनके दोनों मोबाइल फोन कमरे में ही मिले और गाड़ी भी घर के बाहर खड़ी मिली, तो परिवार को शक हुआ. तलाश के दौरान पत्नी जब छत पर पहुंचीं, तो स्टोर रूम के दरवाजे के पास जैद खून से लथपथ पड़े मिले. चीख-पुकार सुनकर परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
आपको ये भी बता दें कि पुलिस ने मौके से जैद की लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त की है. फिलहाल पुलिस ने मृतक के दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं.
पुलिस ने ये बताया
इस पूरे मामले को लेकर एसीपी गाजीपुर ने बताया, सुसाइड की वजह साफ नहीं हो पाई है. हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT









