UP News: संभल में पिछले 20 सालों से सुल्तान नाम का शख्स रह रहा था. उसकी वेशभूषा मुस्लिम मौलाना जैसी थी. लोग उसका सम्मान भी करने लगे थे, क्योंकि वह बुजुर्ग भी था और हमेशा मुस्लिम नियमों का पालन करता था. मगर अब इसी सुल्तान को मुरादाबाद की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इसके बाद इसकी जो सच्चाई सामने आई है, उसने हर किसी को चौंका दिया है.
ADVERTISEMENT
दरअसल संभल के लोग जिस शख्स को पिछले 20 सालों से सुल्तान समझ रहे थे, वह असल में नरेश था. नरेश मुसलमान बनकर पिछले 2 दशकों से संभल के मुस्लिम इलाके में रह रहा था. अपने पहनावे, रहने के तरीके से वह पूरी तरह से मुसलमान था. मगर अंदर से वह नरेश था, जिसकी असलियत सिर्फ वह ही जानता था.
20 सालों तक सुल्तान बनकर क्यों रहा नरेश?
बता दें कि 56 साल का नरेश कभी शातिर अपराधी रहा था. 20 से 25 साल पहले उसने कई वारदातों को अंजाम दिया था. तभी से पुलिस की उसको तलाश थी. मगर वह पिछले 20 सालों से फरार चल रहा था. पुलिस से बचने के लिए नरेश सुल्तान बन गया और संभल में रहने लगा. उसने अपना पहनावा और अपनी पहचान पूरी तरह से मुस्लिम बना ली और संभल के मुस्लिम समाज का हिस्सा बन गया. यहां तक की उसने सुल्तान के नाम से अपने फर्जी दस्तावेज भी बनवा लिए थे.
इसके पास से क्या-क्या मिला?
थाना पाक बाड़ा पुलिस ने नरेश को पकड़ा है. इसके पास से 2 आधार कार्ड, तीन वोटर आईडी, एक पैन कार्ड, एक श्रम कार्ड, एक स्मार्ट कार्ड, एक लेटर हेड और उर्दू में लिखी एक डायरी मिली है. इन दस्तावेजों में इसने अपना नाम सुल्तान पुत्र जमालुद्दीन बताया है.
बता दें कि इसके ऊपर लूट, डकैती जैसे कई केस दर्ज थे. फर्जी दस्तावेजों के सहारे से वह आसानी से मुसलमान बनकर संभल में रह रहा था और पुलिस से बचा हुआ था. मगर अब पुलिस ने नरेश को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया है.
इस पूरे मामले को लेकर एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच की जा रही है. आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT









