पीलीभीत में कमरे में सो रहे थे पति-पत्नी, अचानक गिरा पंखा और चली गई दोनों की जान

सौरभ पांडेय

• 03:51 PM • 07 Jul 2026

Pilibhit Couple Death: पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में सो रहे दंपति पर टेबल फैन गिर गया. शुरुआती जांच में करंट लगने से दोनों की मौत की आशंका जताई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Pilibhit News

Pilibhit News

Google CTA

Pilibhit Couple Death: पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों रात में कमरे में सो रहे थे. गर्मी के चलते उनके पास टेबल फैन रखा हुआ था. देर रात किसी तरह पंखा उनके ऊपर गिर गया और करंट लगने से दोनों की मौत हो गई. बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में मातम छा गया.

यह भी पढ़ें...

सुबह बेटे ने खोला दरवाजा तो सामने था दर्दनाक मंजर

घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के मीरपुर हेमूपुरा गांव की है. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय हरिशंकर कुशवाह और उनकी 52 वर्षीय पत्नी कमला देवी के रूप में हुई है. दोनों गांव में एक मकान में अकेले रहते थे, जबकि उनके बच्चे दूसरे घर में रहते हैं.

बताया गया कि हरिशंकर मंगलवार रात एक विवाह समारोह से लौटकर घर आए थे. बुधवार सुबह बेटा दुकान खोलने के लिए पहुंचा. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर किसी तरह कमरे के अंदर पहुंचा तो माता-पिता जमीन पर मृत पड़े मिले. उनके ऊपर टेबल फैन गिरा हुआ था. यह दृश्य देखकर बेटे के होश उड़ गए.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर बिलसंडा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में पुलिस करंट लगने से मौत की आशंका मानते हुए मामले की जांच कर रही है.

बेटे ने क्या बताया?

मृतक के बेटे ने बताया कि उसके माता-पिता रात में कमरे में सो रहे थे. सुबह जब उसका भाई घर पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था. किसी तरह अंदर पहुंचने पर देखा कि पंखा दोनों के ऊपर गिरा हुआ था और माता-पिता की मौत हो चुकी थी.