सिर्फ 1 टिकट में घूम डालिए कई शहर! रेलवे की ये सुविधा बचा लेगी आपके ढेरों रुपये

यूपी तक

• 03:05 PM • 28 Sep 2026

Circular Journey Ticket उन यात्रियों के लिए है जो एक ही स्टेशन से यात्रा शुरू करके कई जगहों पर रुकते हुए वापस उसी स्टेशन पर लौटना चाहते हैं. रेलवे के इस टिकट में अधिकतम 8 ब्रेक जर्नी की सुविधा मिल सकती है और किराया पूरे रूट के हिसाब से तय होता है.

UP Tak

तस्वीर प्रतीकात्मक है

Google CTA

Circular Journey Ticket: मान लीजिए आपको लखनऊ से यात्रा शुरू करनी है. रास्ते में दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और मुंबई घूमना है और फिर वापस लखनऊ आना है. ऐसी यात्रा में हर शहर के लिए अलग-अलग टिकट लेने पर किराया ज्यादा हो सकता है. भारतीय रेलवे ऐसी यात्राओं के लिए सर्कुलर यात्रा टिकट की सुविधा देता है.

यह भी पढ़ें...

इस टिकट की खास बात है कि आपकी यात्रा एक ही स्टेशन से शुरू होकर उसी स्टेशन पर खत्म होनी चाहिए. आप कई जगह घूम सकते हैं, बीच में यात्रा रोक सकते हैं और तय रूट पूरा करने के बाद शुरुआती स्टेशन पर लौट सकते हैं. रेलवे के मुताबिक, सुविधा खास तौर पर तीर्थयात्रा और घूमने-फिरने वाले यात्रियों के लिए दी गई है.

सबसे बड़ा फायदा क्या है?

सर्कुलर यात्रा टिकट (Circular Journey Ticket) में किराया सामान्य टिकट के मुकाबले सस्ता पड़ सकता है. लंबी और कई हिस्सों वाली यात्रा में टिकट का कुल किराया सस्ता पड़ सकता है. हालांकि इसे सीधे-सीधे समझना सही नहीं होगा कि हर यात्रा में हजारों रुपये की बचत तय है. बचत आपके पूरे रूट, दूरी और यात्रा के तरीके पर निर्भर करेगी.

कितने शहरों की यात्रा कर सकते हैं?

रेलवे ने सर्कुलर यात्रा टिकट के लिए शहरों की कोई तय संख्या नहीं बताई है. टिकट आपके पूरे यात्रा कार्यक्रम के हिसाब से तैयार किया जा सकता है. इसमें अधिकतम 8 ब्रेक जर्नी की अनुमति है. यानी रास्ते में आप तय जगहों पर यात्रा रोककर घूम सकते हैं और फिर आगे की यात्रा जारी रख सकते हैं. 

क्या अपनी पसंद का रूट बनवा सकते हैं?

हां. रेलवे के जो मानक सर्कुलर मार्ग (standard circular routes) हैं, उनमें से कोई रूट आपकी जरूरत के मुताबिक है तो उसे लिया जा सकता है. अगर मानक मार्ग आपकी योजना से मेल नहीं खाता तो अपने यात्रा कार्यक्रम के आधार पर सर्कुलर यात्रा टिकट बनवाने के लिए रेलवे के संबंधित मंडलीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है. रेलवे के नियमों के मुताबिक, यात्री की प्रस्तावित यात्रा को संबंधित रेलवे प्रशासन की मंजूरी के बाद टिकट जारी किया जा सकता है.

क्या बीच में रुकने पर अलग टिकट लेना पड़ेगा?

अगर आपका सर्कुलर यात्रा टिकट है तो ब्रेक के लिए अलग टिकट लेने की जरूरत नहीं होती. रेलवे ने इस टिकट पर अधिकतम 8 ब्रेक की अनुमति दी है. इसका मतलब है कि आप 8 बार ट्रेन से उतर सकते हैं और शहर अपने तरीके से घूम सकते हैं.

आपके एक और बात ध्यान रखनी होगी... पूरी यात्रा टिकट की वैधता अवधि के अंदर पूरी करनी होगी. इसकी वैधता उस दूरी के आधार पर तय होती है जिसके लिए टिकट बनाया गया है और टिकट पर दी गई यात्रा शुरू करने की तारीख से लागू होती है.

टिकट कहां से मिलेगा?

रेलवे के अनुसार अलग-अलग जोन कुछ मानक सर्कुलर यात्रा टिकट उपलब्ध कराते हैं. इनके रूट और किराए की जानकारी संबंधित मंडलीय कार्यालय से ली जा सकती है.

किन यात्रियों के लिए काम की है सुविधा?

अगर आपकी यात्रा सिर्फ A से B स्टेशन तक जाने की है तो सामान्य टिकट ही पर्याप्त है. सर्कुलर यात्रा टिकट उन यात्राओं में ज्यादा उपयोगी है जिनमें आप कई शहरों या पर्यटन स्थलों पर रुकते हुए उसी स्टेशन पर वापस लौटना चाहते हैं.

उदाहरण के लिए किसी यात्री का रूट लखनऊ - दिल्ली - जयपुर - मुंबई - लखनऊ है. ऐसे रूट के लिए वह अलग-अलग टिकटों की जगह सर्कुलर यात्रा टिकट की संभावना देख सकता है.