CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक से यूपी एसटीएफ ने पूछताछ की है. यह युवक मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के हसई मेवड़ा गांव का रहने वाला है और इसका नाम सुनील गुर्जर (20) बताया जा रहा है. उसने यूपी सीएम कार्यालय में फोन कर यह धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं.
ADVERTISEMENT
यूपी STF की टीम ने गांव में की पूछताछ
सिविल लाइंस थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने जानकारी दी कि यूपी एसटीएफ की एक टीम मंगलवार को मुरैना के हसई मेवड़ा गांव पहुंची. टीम ने सुनील गुर्जर से पूछताछ की, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया. पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ है और जांच जारी है.
'डॉन' बनने के लिए दी थी धमकी!
पुलिस की शुरुआती जांच में सुनील गुर्जर की कोई आपराधिक पृष्ठभूमि सामने नहीं आई है. वह केवल 8वीं तक पढ़ा है और खेती-बाड़ी का काम करता है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने यह धमकी सिर्फ इसलिए दी थी क्योंकि वह 'डॉन' बनना चाहता था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हुआ है या फिर उसने महज सनसनी फैलाने के लिए ऐसा किया था.
पुलिस जांच जारी, कड़ी कार्रवाई के संकेत
यूपी एसटीएफ इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है. सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या युवक ने किसी के बहकावे में आकर यह धमकी दी या फिर यह उसका अकेले का फैसला था.
ADVERTISEMENT











