उत्तर प्रदेश सरकार ने 'प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना' के लाभार्थियों के लिए एक बड़ी घोषणा की है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में पात्र लाभार्थियों को 2 फ्री एलपीजी सिलेंडर रिफिल वितरित किए जाएंगे. इस योजना के पहले चरण में सिलेंडर रिफिल अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक प्रदान किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण जनवरी से मार्च 2026 तक चलेगा. शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से मिले इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है. पिछले वर्षों की तरह इस बार भी दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 1.85 करोड़ महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर (रिफिल) का लाभ मिलेगा.
ADVERTISEMENT
मुफ्त सिलेंडर पाने के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य
मुफ्त सिलेंडर योजना का लाभ पाने के लिए लाभार्थी महिलाओं के लिए एक जरूरी काम करना अनिवार्य है. इस बार भी मुफ्त सिलेंडर पाने के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है. कैबिनेट की बैठक में मुफ्त सिलेंडर योजना को मंजूरी मिल गई है, जिसके तहत सरकार साल में दो सिलेंडर उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त देती है. सिलेंडर वितरण की योजना के तहत करीब 1385 करोड़ का व्यय भार आएगा.
31 दिसंबर है लास्ट डेट, चूकने पर नहीं मिलेगा लाभ
जिन लाभार्थियों के आधार सत्यापित नहीं हैं, उन्हें यह काम पूरा करने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा. साफ निर्देश है कि 31 दिसंबर के बाद होने वाले आधार सत्यापन पर इस निर्णय के तहत दिए जाने वाले मुफ्त सिलेंडर योजना में उन्हें लाभ नहीं मिल सकेगा. राज्य सरकार पहली अक्तूबर से 31 दिसंबर तक और फिर पहली जनवरी से 31 मार्च के बीच उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर देती है.
ADVERTISEMENT









