किसी भी हालत में... फिरोजाबाद में ASP अनुज चौधरी ने मुहर्रम से पहले पीस कमेटी संग की बैठक और कह दी ये बात

सुधीर शर्मा

• 03:50 PM • 17 Jun 2026

ASP Anuj Chaudhary: मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद पुलिस ने पीस कमेटी बैठक में अहम निर्देश जारी किए. 10 फीट से ऊंचे ताजियों, तेज साउंड और डीजे पर रोक लगाई गई है. अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

ASP Anuj Chaudhary

ASP Anuj Chaudhary

Google CTA

ASP Anuj Chaudhary: आगामी मुहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने शिकोहाबाद थाने में पीस कमेटी की एक बैठक की. इस दौरान सभी ताजिएदारों, कमेटी के अध्यक्षों और सचिवों को आमंत्रित कर सरकार की नई गाइडलाइंस से अवगत कराया गया. पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें...

10 फीट से ऊंचे ताजिए बनाने पर पाबंदी

बैठक को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अनुज चौधरी ने ताजिएदारों को कड़े निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी. इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर ताजिए की ऊंचाई अधिकतम 10 फीट तय की गई है. 10 फीट से ऊपर का कोई भी ताजिया निकालने की अनुमति नहीं होगी.

हादसों को रोकने के लिए लिया गया फैसला

एएसपी अनुज चौधरी ने ऊंचाई तय करने के पीछे का कारण बताते हुए कहा 'सभी ताजिएदारों और उनके पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मानक के अनुसार ऊंचाई का विशेष ध्यान रखें. पहले बिजली के तारों से ताजिए टकराने के कारण कई गंभीर हादसे हो चुके हैं. ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है.'

तेज साउंड और डीजे पर प्रतिबंध

प्रशासन ने त्योहार के दौरान ध्वनि प्रदूषण और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तेज आवाज में साउंड या डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. मुहर्रम के जुलूस या कार्यक्रमों में साउंड सिस्टम का उपयोग करने के लिए पहले से संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

पीस कमेटी की बैठक में सोशल मीडिया की निगरानी को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए. पुलिस प्रशासन के अनुसार सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जा रही है. किसी भी तरह की गलत, भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सूचना पर पुलिस तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी. एएसपी ने जनता से अपील की है कि किसी भी झूठी अफवाह पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक खबर की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें.