फर्जी और आपत्तिजनक फोटो वायरल की जा रहीं... PCS ज्योति मौर्य के पति आलोक के खिलाफ कौन रच रहा साजिश? केस दर्ज

पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के पति आलोक मौर्य ने प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. उन्होंने अज्ञात लोगों पर फेसबुक और यूट्यूब पर उनकी आपत्तिजनक और फर्जी तस्वीरें वायरल कर छवि खराब करने का आरोप लगाया है.

ज्योति मौर्य के पति आलोक कुमार मौर्य

ज्योति मौर्य के पति आलोक कुमार मौर्य

पंकज श्रीवास्तव

• 09:26 AM • 18 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश की चर्चित पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के पति आलोक कुमार मौर्य एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार आलोक मौर्य ने सोशल मीडिया पर अपनी कथित तौर पर फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित कर बदनाम करने वाले तत्वों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आलोक मौर्य ने इस मामले में प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

फेसबुक-यूट्यूब पर फोटो से छेड़छाड़ का आरोप

आलोक मौर्य का आरोप है कि कुछ अज्ञात लोग और शरारती तत्व फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप ग्रुप और यूट्यूब जैसे तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं. इन एडिट की गई और भ्रामक तस्वीरों को जानबूझकर वायरल किया जा रहा है, ताकि समाज में उनकी प्रतिष्ठा और छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया जा सके. आलोक मौर्य ने इसे एक गंभीर और दंडनीय अपराध बताते हुए पुलिस से आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है.

'सामाजिक कार्यों से परेशान हैं कुछ लोग'

कर्नलगंज थाने में दी गई शिकायत में आलोक मौर्य ने अपनी वर्तमान गतिविधियों का हवाला देते हुए एक बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा, वह इन दिनों समाजसेवा से जुड़े कार्यों में काफी एक्टिव हैं और स्वच्छ भारत अभियान सहित कई सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं. वह युवाओं को एकजुट कर वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के उद्देश्य से भी जमीनी स्तर पर अभियान चला रहे हैं. आलोक मौर्य का दावा है कि समाज में उनकी इस बढ़ती पहचान और सक्रियता से परेशान होकर ही कुछ लोग उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का यह गंदा प्रयास कर रहे हैं.

14 जून को दर्ज हुई FIR, रडार पर कई सोशल मीडिया अकाउंट्स

प्रयागराज पुलिस के मुताबिक, आलोक मौर्य की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में 14 जून को ही एफआईआर दर्ज कर ली गई थी और मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई आपत्तिजनक सामग्री और उन्हें अपलोड/शेयर करने वाले संदिग्ध खातों व संगठनों की कड़ाई से पड़ताल कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर जल्द ही कानूनी शिकंजा कसा जाएगा.

सफाई कर्मी से लेकर राजनीति में आने की इच्छा तक का सफर

गौरतलब है कि आलोक कुमार मौर्य प्रतापगढ़ जिले के पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं. पीसीएस अधिकारी ज्योति मौर्य के साथ हुए उनके हाई-प्रोफाइल पारिवारिक विवाद के बाद वह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गए थे. फिलहाल दोनों के बीच का यह विवाद न्यायालय में मध्यस्थता की प्रक्रिया के तहत विचाराधीन है.