UP News: अमेरिकी-ईरानी संघर्ष की एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक आंच उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले तक पहुंच गई है. ओमान के में पास एक कमर्शियल शिप (जहाज) पर हुए भीषण मिसाइल अटैक में देवरिया के रहने वाले नाविक शिवानंद चौरसिया की जान चली गई है. शिवानंद ईरान में एक शिप पर काम कर रहे थे. इस भयावह हमले के बाद जैसे ही यह खबर देवरिया में उनके घर पहुंची, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
ADVERTISEMENT
अमेरिकी-ईरानी संघर्ष की भेंट चढ़ा यूपी का लाल
शिवानंद चौरसिया देवरिया जिले के सुरौली के रहने वाले थे. मध्य-पूर्व में जारी अमेरिकी-ईरानी संघर्ष के बीच ओमान तट के पास उनके जहाज को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया गया. शुरुआती आधिकारिक सूचना के मुताबिक इस मिसाइल अटैक में तीन नाविकों की कैजुअल्टी (मौत) हुई है, जिसमें शिवानंद चौरसिया भी शामिल हैं.
दो दिन पहले ही हुई थी आखिरी बात- 'यहां सब ठीक है'
शिवानंद के परिवार में उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चे हैं, जिनका रोते-रोते बुरा हाल है. पत्नी ने बताया कि अभी दो दिन पहले ही शिवानंद की ईरान से अपने परिवार के साथ आखिरी बातचीत हुई थी. उस दौरान उन्होंने फोन पर सबको ढांढस बंधाया था कि वहां सब कुछ ठीक-ठाक है और चिंता की कोई बात नहीं है. किसे पता था कि दो दिन बाद ही इतनी बड़ी अनहोनी की खबर सामने आ जाएगी.
भैया के जहाज पर बम गिर गया है: सिसकियों के बीच पत्नी ने बयां किया दर्द
इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद यूपी Tak की टीम ने सुरौली पहुंचकर शिवानंद की पत्नी से सीधे बातचीत की. कैमरे के सामने आते ही पीड़ित पत्नी के आंसुओं का बांध टूट गया. उन्होंने सिसकियों के बीच रुंधे गले से बताया, "मेरे देवर ने हमारे कॉल पर सूचना दी कि जिस जहाज में भैया (शिवानंद) काम कर रहे थे, उस पर बम गिर गया है."
ADVERTISEMENT










