मायावती ने आकाश आनंद को जमीन पर उतारा, जारी हुआ जनसभाओं का पूरा शेड्यूल
ADVERTISEMENT
Akash Anand Rally: बसपा सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद की पार्टी में वापसी के बाद उनकी जमकर तारीफ की है और आगामी जनसभाओं का कार्यक्रम जारी किया है. उन्होंने आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ की पार्टी में वापसी की संभावना को खारिज करते हुए साफ कहा कि उन्हें दोबारा शामिल नहीं किया जाएगा.
Akash Anand Rally: बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद की वापसी के बाद पार्टी सुप्रीमो मायावती का रुख उनके प्रति पूरी तरह से बदल गया है. कुछ समय पहले तक पार्टी की अहम जिम्मेदारियों से बाहर कर दिए गए आकाश आनंद की अब मायावती सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रही हैं. मायावती का कहना है कि आकाश अब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के तौर पर काफी सूझबूझ और परिपक्वता से काम कर रहे हैं. उन्होंने आकाश को परिवार से ऊपर उठकर पार्टी के लिए काम करने वाला नेता बताया और उनकी आगामी जनसभाओं का पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है. इसके साथ ही मायावती ने यह भी साफ कर दिया है कि आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को किसी भी कीमत पर पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा.
आकाश की वापसी, ससुर पर सख्ती
मायावती ने स्पष्ट किया है कि पिछले दिनों बीएसपी में जो भी अप्रिय विवाद हुआ, उसके लिए आकाश आनंद कम और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेदार हैं. इसी वजह से अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर कर राजनीति से संन्यास लेने की सलाह दी गई थी. मायावती ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें कि आकाश आनंद की तरह अशोक सिद्धार्थ की भी पार्टी में वापसी होगी. उन्होंने साफ कहा कि अशोक सिद्धार्थ को अब किसी भी परिस्थिति में पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा.
आकाश आनंद का जनसभा कार्यक्रम
बीएसपी सुप्रीमो ने आकाश आनंद को चुनावी मैदान में फिर से उतारते हुए उनके कार्यक्रमों की सूची जारी कर दी है. आकाश आनंद 28 अक्टूबर 2026 को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे. इसके अलावा, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर वे पंजाब में आयोजित एक विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि होंगे और 6 दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर हरिद्वार में जनसभा को संबोधित करेंगे.
ईशान आनंद को मिली नई जिम्मेदारी
आकाश आनंद के साथ-साथ मायावती ने उनके छोटे भाई और आनंद कुमार के बेटे ईशान आनंद के लिए भी नया प्लान तैयार किया है. लंदन से अपनी वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके ईशान आनंद अब मायावती के दिशा-निर्देशों में दिल्ली स्थित बीएसपी के केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम करेंगे. ईशान को मुख्य रूप से पार्टी के चुनाव संबंधी कामकाज और अहम पेपर वर्क संभालने की जिम्मेदारी दी गई है.
