चंद्रशेखर आजाद ने योगी आदित्यनाथ को बिजनौर से चुनाव लड़ने का दिया चैलेंज, बोले- नहीं हरा पाया तो छोड़ देंगे राजनीति
ADVERTISEMENT
Chandrashekhar Azad: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधा चैलेंज दिया है.
Chandrashekhar Azad: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधा चैलेंज दिया है. अमरोहा के हसनपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चंद्रशेखर ने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री को अपनी लोकप्रियता पर इतना ही भरोसा है, तो वह बिजनौर जिले की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं. उन्होंने दावा किया है कि वह इस चुनाव में सीएम योगी को हरा देंगे और अगर ऐसा नहीं कर पाए तो राजनीति छोड़ देंगे. चंद्रशेखर का यह खुला निमंत्रण यूपी की सियासत में नई बहस छेड़ चुका है.
बिजनौर से चुनाव लड़ने की चुनौती
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बिजनौर जिले में कुल आठ विधानसभा सीटें हैं, जिनमें से चार पर अभी बीजेपी के विधायक हैं. इनमें से दो सीटें रिजर्व हैं, जबकि बाकी बची छह सीटों में से मुख्यमंत्री अपनी पसंद की कोई भी सीट चुन सकते हैं. आजाद ने कहा कि अगर सीएम योगी अपनी सीट घोषित करते हैं, तो वह भी अपनी पार्टी से उसी सीट पर टिकट मांगेंगे. उनका दावा है कि आजाद समाज पार्टी बिजनौर में मुख्यमंत्री को हराकर अपनी राजनीतिक ताकत का एहसास कराएगी.
गोरखपुर हार का भी किया जिक्र
अपनी इस चुनौती के दौरान चंद्रशेखर ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव का भी खुलकर जिक्र किया. उन्होंने माना कि उस वक्त पार्टी ने उन्हें गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मैदान में उतारा था, जहां उन्हें काफी कम वोट मिले और उनकी जमानत भी जब्त हो गई थी. चंद्रशेखर ने कहा कि वह खुद मुख्यमंत्री के गढ़ में जाकर लड़े थे, इसलिए अब सीएम योगी को भी उनके जिले में आकर अपनी लोकप्रियता का परीक्षण करना चाहिए.
आमने-सामने की लड़ाई का ऐलान
चंद्रशेखर ने इसे आमने-सामने की सीधी लड़ाई बताया है. उनका कहना है कि योगी आदित्यनाथ लंबे समय से सत्ता में हैं और उनकी लोकप्रियता के काफी दावे किए जाते हैं, इसलिए उन्हें बिजनौर आकर लड़ने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. आजाद का आरोप है कि बड़े-बड़े सर्वे के जरिए माहौल बनाकर लोगों का मनोबल गिराने की कोशिश की जा रही है. अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि चंद्रशेखर आजाद की इस खुली चुनौती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है.
