यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो लागू होगा UCC? अमित शाह ने लखनऊ से कर दिया बड़ा ऐलान
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि यूपी में अगर बीजेपी की दोबारा सरकार बनती है तो राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी.
लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे पर सपा को घेरा और वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों पर हमला बोला. शाह ने कहा कि बीजेपी संसद में वोट चोरी के आरोपों पर चर्चा के लिए तैयार है. विपक्ष को इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग करनी चाहिए.
यूपी में बीजेपी की सरकार बनी तो लागू होगा UCC
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगली बार बीजेपी की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी. उन्होंने कहा, ''इस बार जब सरकार बनेगी तो उत्तर प्रदेश में UCC लागू किया जाएगा. कई राज्यों में पहले ही इसे लागू किया जा चुका है.''
समान नागरिक संहिता यानी UCC के तहत सभी नागरिकों के लिए शादी, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे मामलों में एक समान कानून की व्यवस्था की बात की जाती है. फिलहाल इन मामलों में अलग-अलग धर्मों के लिए अलग-अलग व्यक्तिगत कानून लागू हैं.
शाह ने अपने संबोधन में बीजेपी की प्रदेश सरकार को लेकर भी भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और उसे कोई हिला नहीं सकता. उन्होंने पार्टी की सरकार की तुलना रामायण के पात्र अंगद के पैर से करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार अंगद के पैर की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता.
अखिलेश यादव से बोले- अगले 30 साल तक सरकार नहीं बना पाएगी सपा
अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि अखिलेश बाबू, उनकी बात लिखकर रख लें, अगले 30 साल तक उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली है. शाह ने यह भी कहा कि जनता सपा की तीसरी पीढ़ी को भी माफ नहीं करेगी.
शाह ने हमला राम मंदिर के मुद्दे को लेकर किया. उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 की घटना का जिक्र किया, जब अयोध्या में कारसेवकों पर पुलिस ने गोली चलाई थी. शाह ने सपा और उसके नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने राम भक्तों पर गोली चलाने का आदेश दिया था, वह सरकार बनाने की बात किस आधार पर करती है. उन्होंने कहा कि एक तरफ उन्होंने राम भक्तों पर गोली चलवाई थी, जबकि बीजेपी ने राम मंदिर बनवाया है.
वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष को दी संसद में चर्चा की चुनौती
अपने भाषण में अमित शाह ने विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर भी जवाब दिया. उन्होंने विपक्ष की तुलना ऐसी टीम से की, जो मैच हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगाने लगती है.
शाह ने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने के बाद वोट चोरी का आरोप लगा रहा है. बीजेपी इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है. उन्होंने विपक्षी दलों को चुनौती देते हुए कहा कि वे आज ही आएं और संसद का विशेष सत्र बुलाएं. बीजेपी हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है.
