बस्ती पहुंचे 'VIP' चीफ मुकेश सहनी ने दिया बड़ा बयान, बोले- '2027 से पहले निषाद आरक्षण दो, नहीं तो सत्ता से बाहर होंगे मोदी-योगी'
Mukesh Sahni Basti Visit: विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने बस्ती में रात्रि प्रवास के दौरान बीजेपी सरकार और डॉ. संजय निषाद पर तीखा हमला बोला है. सहनी ने एलान किया कि अगर 2027 चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिला, तो बीजेपी को वोट नहीं दिया जाएगा और इसके लिए हाथ में गंगाजल लेकर 'संकल्प यात्रा' निकाली जाएगी.
ADVERTISEMENT

Mukesh Sahni Basti Visit: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी का बस्ती जिले में रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और निषाद समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया. यहां गांधीनगर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय लोग मौजूद रहे. इस दौरान मुकेश सहनी ने लोगों से संवाद किया और बाद में आयोजित प्रेसवार्ता में निषाद समाज के आरक्षण को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. मुकेश सहनी ने कहा कि उनका उत्तर प्रदेश का यह दौरा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि निषाद समाज के हक और अधिकार की लड़ाई को नई दिशा देने का अभियान है. उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक जिले में रात्रि प्रवास कार्यक्रम आयोजित कर समाज के लोगों से संवाद कर रही है और जल्द ही पूरे प्रदेश में निषाद आरक्षण को लेकर संकल्प यात्रा निकाली जाएगी.
