CM योगी के मिर्जापुर दौरे के बीच 15 अक्टूबर को पूर्व IAS दिव्या मित्तल करेंगी कुछ बड़ा ऐलान!
पूर्व IAS दिव्या मित्तल 15 अक्टूबर को अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान करेंगी. उसी दिन सीएम योगी का मिर्ज़ापुर दौरा भी तय है, जिससे सियासी सरगर्मी और दिलचस्प हो गई है. उनके इस बड़े ऐलान पर सभी की निगाहें टिकी हैं.
ADVERTISEMENT

भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पद से इस्तीफा देकर चर्चा में आईं दिव्या मित्तल अपने अगले राजनीतिक कदम को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में छा गई हैं. उन्होंने ऐलान किया है कि वह 15 अक्टूबर को अपने अगले कदम की घोषणा करेंगी. दिलचस्प बात यह है कि ठीक उसी दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मिर्जापुर के दौरे पर रहने वाले हैं. ऐसे में मिर्जापुर की धरती से दिव्या मित्तल का यह बड़ा ऐलान राजनीतिक गलियारों में कयासों का बाजार गर्म कर चुका है.
मिर्जापुर से पुराना जुड़ाव और राजनीतिक सरगर्मी
दिव्या मित्तल का मिर्जापुर से गहरा प्रशासनिक जुड़ाव रहा है. यहां जिलाधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का भारी समर्थन और लोकप्रियता हासिल हुई थी. स्थानीय स्तर पर उनके पुराने जुड़ाव और समर्थन को देखते हुए मिर्जापुर को उनके संभावित राजनीतिक भविष्य की कर्मभूमि के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि केंद्रीय मंत्री और मिर्जापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल के साथ उनके प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान मतभेद भी काफी चर्चा में रहे हैं.

राजनीतिक भविष्य या कोई नई भूमिका?
दिव्या मित्तल के अगले कदम को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या वह राजनीति में उतरने जा रही हैं. हालांकि उन्होंने पहले यह स्पष्ट किया है कि वह किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी लेकिन उनके इस संभावित ऐलान को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. 15 अक्टूबर को होने वाली घोषणा से ही यह साफ हो पाएगा कि वह राजनीति में कोई नई भूमिका अपनाएंगी या फिर कोई दूसरा रास्ता चुनेंगी.
नवरात्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता
इन सबके बीच दिव्या मित्तल ने अपनी सामाजिक और सार्वजनिक सक्रियता काफी बढ़ा दी है. हाल ही में वह शहर के शिवाला महंत स्थित मधुबन गेस्ट हाउस में आयोजित एक 'डांडिया नाइट' कार्यक्रम में शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने डीजे की धुन पर महिलाओं के साथ डांडिया खेला और स्थानीय लोगों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपरा और संस्कृति को जीवित रखते हैं तथा समाज में आपसी मेल-जोल बढ़ाते हैं.
फिलहाल 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिर्जापुर दौरे के ठीक बीच-बीच दिव्या मित्तल क्या बड़ा ऐलान करती हैं, इस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं.
ये भी पढ़ें: नीला ड्रम कांड में सजा आज, अब मुस्कान को किसकी याद सता रही है? बार-बार कर रही ये गुहार
