क्या सारे समीकरण ध्वस्त कर बीएल वर्मा बनने वाले हैं यूपी BJP के प्रदेश अध्यक्ष? जानिए कौन हैं ये और क्यों रेस में दिख रहे आगे
उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में एक सवाल तेजी से दौड़ रहा है कि भाजपा यहां अपना प्रदेश अध्यक्ष किसे बनाएगी? कई नामों को पछाड़ते हुए केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद बीएल वर्मा का नाम सबसे आगे आया है. साथ ही वह कारण भी पता चले हैं जो बीएल वर्मा को प्रदेश अध्यक्ष की रेस में आगे बना रहे हैं.
ADVERTISEMENT

UP News: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को नए प्रदेश अध्यक्ष मिलने की कवायद अचानक से बहुत तेज हो गई है. ऐसा माना जा रहा है कि 14 दिसंबर को शुरू होने वाले खरमास से पहले भाजपा यूपी में अपने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर देगी. वैसे भी हिंदू धर्म में मान्यता है कि खरमास के दौरान कोई भी शुभ काम नहीं किया जाता है. यूपी बीजेपी के भीतर इसे लेकर तेजी से समीकरण भी बदले हैं. अब माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने की रेस में केंद्रीय राज्य मंत्री और मूल रूप से बदायूं के रहने वाले राज्यसभा सांसद बनवारी लाल वर्मा उर्फ बीएल वर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है. अभी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी हैं. सबकुछ ठीक रहा और लास्ट मोमेंट में बीजेपी ने कोई चौंकाने वाला फैसला नहीं लिया, तो बीएल वर्मा की दावेदारी काफी मजबूत मानी जा रही है.