कांग्रेस ने यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में हस्तिनापुर सुरक्षित सीट से एक्ट्रेस अर्चना गौतम का भी नाम शामिल है. कांग्रेस की तरफ से हस्तिनापुर सुरक्षित सीट से अर्चना गौतम को टिकट मिलने के बाद इंटरनेट पर उनकी खूब चर्चाएं हो रही हैं. आइए जानते हैं कौन हैं वो? अर्चना गौतम की उम्र मात्र 26 वर्ष है और अभी लगभग 2 महीने पहले ही उन्होंने कांग्रेस जॉइन की थी. वह मेरठ के मवाना के नगला हरैरु की रहने वाली हैं. उन्होंने मेरठ के शांता स्मारक से ही अपनी 12वीं की पढ़ाई की है और इस्माइल इंटर कॉलेज से दसवीं की परीक्षा पास की है. अर्चना ने आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है. उन्होंने बैचलर ऑफ जर्नलिज्म इन मास कम्युनिकेशन की डिग्री भी ली है. अर्चना ने रियल एस्टेट सेक्टर में जॉब किया है. बाद में वह मुंबई चली गईं. वह मिस कॉस्मो वर्ल्ड 2018, मिस यूपी 2014 भी रही हैं. उन्होंने मलेशिया में इंडिया को रिप्रेजेंट भी किया है. अर्चना ने बताया कि उन्होंने चार फिल्में बॉलीवुड में की हैं और पांच फिल्में साउथ में. 28 जनवरी को उनकी एक फिल्म गुंडाज रिलीज भी हो रही है. दूसरी मूवी आईपीएल भी जल्द रिलीज हो रही है. अर्चना गौतम ने कहा कि एक दिन वह TV देख रही थीं और वहां उन्होंने प्रियंका (कांग्रेस महासचिव) को देखा, उनका स्लोगन था- लड़की हूं लड़ सकती हूं. बकौल अर्चना इसी स्लोगन ने उन्हें राजनीति में एंट्री लेने के लिए प्रेरित किया.