लेटेस्ट न्यूज़

Opinion: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर BJP के निशाने पर अखिलेश, PDA की राजनीति के सामने नई चुनौती

मथुरा का श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद यूपी चुनाव 2027 में अखिलेश यादव के लिए नई राजनीतिक चुनौती बन सकता है. लेखक का तर्क है कि इस मुद्दे पर उनकी चुप्पी भाजपा को हमला करने का मौका दे सकती है. PDA की राजनीति और सनातन से जुड़ी उनकी छवि के बीच मथुरा का सवाल सपा की रणनीति को कैसे प्रभावित कर सकता है, पढ़ें यह विश्लेषण.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

Opinion: डॉ. दीपक पांडेय। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष हैं. चुनावी बिसात बिछने लगी है. इस बीच मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद को लेकर चौतरफा चर्चा शुरू हो गई है. सत्ताधारी दल भाजपा की भी हाल ही में मथुरा में एक बड़ी बैठक हुई, जिसमें 'राधे-राधे कमल खिला दे' का नारा दिया गया. 

इससे संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में मथुरा का मुद्दा चुनावी राजनीति में और अधिक प्रमुखता से उठेगा. मथुरा का यह मुद्दा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहने वाला, बल्कि इसका सीधा राजनीतिक असर भी दिखाई देगा. इससे सबसे बड़ी चुनौती समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव के सामने खड़ी होने वाली है.

दरअसल, अखिलेश यादव इन दिनों अपनी राजनीति में सनातन और धार्मिक प्रतीकों को जगह देने की कोशिश कर रहे हैं. मंदिरों में दर्शन, धार्मिक आयोजनों में भागीदारी और हिंदू आस्था से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रियता इसी रणनीति का हिस्सा है. 

साफ है कि सपा प्रमुख अपनी पुरानी राजनीतिक छवि से बाहर निकलकर हिंदू मतदाताओं के बीच भी स्वीकार्यता बढ़ाना चाहते हैं. लेकिन उनकी इस कोशिश के सामने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का सवाल बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है.

अखिलेश यादव के लिए मथुरा ऐसा मुद्दा है, जिस पर स्पष्ट राजनीतिक रुख अपनाना आसान नहीं है. एक तरफ वह सनातन और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था प्रदर्शित करते हैं, तो दूसरी तरफ श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े सवालों पर उनकी चुप्पी भाजपा को हमला करने का अवसर देती है. भाजपा लगातार उन्हें इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दे रही है. ऐसे में अखिलेश जितनी दूरी इस विषय से बनाएंगे, उतने ही उनकी राजनीतिक मंशा पर सवाल उठेंगे.

राजनीति में हर मुद्दे पर चुप रहना भी अपने आप में एक संदेश देता है. अखिलेश के सामने मुश्किल यह है कि वह मथुरा पर बोलते हैं तो उनके पीडीए समीकरण के कुछ हिस्सों में असहजता पैदा होने का राजनीतिक जोखिम है और अगर नहीं बोलते हैं तो भाजपा उन्हें हिंदू आस्था के सवाल पर घेरने का मौका नहीं छोड़ेगी. यानी, दोनों ही परिस्थितियों में सपा प्रमुख को राजनीतिक जवाब देना पड़ेगा.

सनातन को लेकर अखिलेश का विरोधाभास होगा उजागर

अखिलेश यादव खुद को कृष्णवंशी बताते हैं. लेकिन जैसे ही मथुरा का मुद्दा आता है, वह चुप हो जाते हैं. हाल ही में उन्होंने वृंदावन का दौरा किया था, लेकिन तब भी वह दर्शन के लिए नहीं गए थे. जन्मभूमि पर कारसेवा करने के लिए भाजपा उन्हें आए दिन चुनौती देती है. 

भाजपा का कहना है कि अखिलेश यदुवंशी हैं तो उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे की अगुवाई करनी चाहिए. लेकिन अखिलेश यादव और सपा के पास इस मुद्दे पर चुप्पी के अलावा कोई स्पष्ट जवाब नहीं है. अखिलेश के सनातन को लेकर इसी विरोधाभास का फायदा भाजपा उठा सकती है.

मथुरा का सवाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही पूरे प्रदेश में भावनात्मक महत्व रखता है. भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ी है. इसलिए इस मुद्दे पर होने वाली राजनीतिक चर्चा का दायरा किसी एक क्षेत्र या विधानसभा सीट तक सीमित नहीं रहेगा. 

भाजपा यदि इसे चुनावी विमर्श में प्रमुखता से उठाती है तो सपा को भी अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी. केवल मंदिरों में जाकर तस्वीरें खिंचवाने या धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल करने से मतदाताओं के सवालों का जवाब नहीं मिलेगा.

पश्चिमी यूपी में सपा की जमीन पहले से ही कमजोर मानी जाती है. ऐसे में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा सपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है. इसकी वजह यह है कि ब्रज और पूरे पश्चिमी यूपी के लोगों का मथुरा से भावनात्मक जुड़ाव है. अगर अखिलेश ने इस मुद्दे पर स्पष्टता नहीं दिखाई तो उन्हें सियासी तौर पर इसका खामियाजा उठाना पड़ सकता है.

PDA की राजनीति के सामने मथुरा की चुनौती

अखिलेश यादव की पूरी राजनीतिक रणनीति पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के इर्द-गिर्द घूम रही है. सपा इसी सामाजिक समीकरण के सहारे सत्ता में वापसी का सपना देख रही है. लेकिन मथुरा का मुद्दा इस रणनीति के सामने वैचारिक और राजनीतिक चुनौती खड़ी कर सकता है. 

दरअसल, चुनाव में केवल जातीय समीकरण ही निर्णायक नहीं होते, बल्कि आस्था, पहचान और सांस्कृतिक मुद्दे भी मतदाताओं की राजनीतिक सोच को प्रभावित करते हैं. मथुरा का मुद्दा इसी कड़ी में महत्वपूर्ण होने जा रहा है. अखिलेश यादव अब तक जिस पीडीए रणनीति को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानकर चल रहे हैं, उसके सामने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का सवाल नई चुनौती पेश कर रहा है.

स्पष्ट है कि आने वाले चुनाव में मथुरा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं रहेगा, बल्कि अखिलेश यादव की राजनीतिक रणनीति की भी परीक्षा लेगा. भाजपा के लिए यह सपा को घेरने का बड़ा अवसर है और अखिलेश के लिए अपने पीडीए समीकरण को बचाए रखने की चुनौती. मथुरा की इस बहस में अखिलेश की चुप्पी उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक कमजोरी साबित हो सकती है.

(लेखक पंजाब सेंट्रल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं. राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर लेखन करते हैं.)

Disclaimer: यहां व्यक्त विचार लेखक की व्यक्तिगत राय हैं.