बिजनौर में खूनी संघर्ष! मामूली कहासुनी के बाद युवक ने छत पर चढ़कर की ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 घायल
बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव महदूद नशो में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. एक पक्ष ने छत पर चढ़कर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक युवक को गोली लगी और मारपीट में कुल पांच लोग घायल हुए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
ADVERTISEMENT

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया. चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव महदूद नशो में शुरू हुई बहस मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई. आरोप है कि एक पक्ष के लोग मकान की छत पर चढ़े और वहां से दूसरे पक्ष पर कई राउंड गोलियां चलाईं. फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई. घटना में एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि मारपीट में कुल पांच लोग घायल हुए हैं. गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. इस बीच छत से तमंचे से फायरिंग करते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मामूली कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक गांव महदूद नशो में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया. इसके बाद एक पक्ष की ओर से अवैध तमंचे से कई राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई. बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले लोग छत पर खड़े थे और वहीं से दूसरे पक्ष की ओर गोलियां चला रहे थे. अचानक गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान एक युवक के पैर में गोली लग गई. वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कुल पांच लोग घायल हुए हैं.
यह भी पढ़ें- वंदे भारत ट्रेन में रिश्तेदार को छोड़ने गए 12 लोग, डोर बंद होने पर फंसे तो रेलवे ने फसूल लिया तगड़ा जुर्माना
छत पर चढ़कर फायरिंग का वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. इसमें एक युवक कथित तौर पर अवैध तमंचे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि वीडियो इसी विवाद का है, हालांकि इसकी पुष्टि होना बाकी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ था और कितने राउंड गोलियां चलाई गईं. पुलिस पूरे मामले और वायरल वीडियो की जांच कर रही है.
पुलिस को अभी नहीं मिली तहरीर
मामले पर चांदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है. उन्होंने कहा कि फायरिंग एक पक्ष की ओर से की गई है, जबकि मारपीट दोनों पक्षों के बीच हुई है. थाना प्रभारी के मुताबिक अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है. पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद पांच लोगों के घायल होने और एक युवक को गोली लगने तक पहुंच गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- 'कथा रोकेंगे तो नमाज भी रोकनी पड़ेगी', धीरेंद्र शास्त्री का बयान खूब चर्चा में, रामकथा के लिए अखिलेश को भी दिया न्योता
