लेटेस्ट न्यूज़

Garh Ganga Mela: 'हुड़दंग किया तो ठोक-ठोक कर लाल कर देंगे', ASP महेश कुमार की चेतावनी

हापुड़ के गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में हुड़दंग करने वालों को ASP महेश कुमार ने खुले शब्दों में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि मेले में तमीज से एन्जॉय करें, वरना पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी. थार पर सवार होकर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मेले और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गढ़ गंगा कार्तिक पूर्णिमा मेले में पुलिस ने हुड़दंग करने वालों को सख्त चेतावनी दी है. अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) महेश कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि मेले में आने वाले लोग शांति और मर्यादा के साथ घूमने आएं. अगर किसी ने हुड़दंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश की तो पुलिस सख्ती से निपटेगी.

ASP महेश कुमार ने मेले में आए एक युवक को चेतावनी देते हुए कहा, ''मेला अभी शुरू हुआ है, संभलकर रहना! तमीज से एन्जॉय करो, हुड़दंग किया तो ठोक-ठोक कर लाल कर देंगे.'' उनका बयान मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के सख्त रुख को दिखाता है. पुलिस का कहना है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दूसरे लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

थार पर सवार होकर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद अलर्ट पुलिस

गढ़ गंगा मेले में पुलिस की सख्ती की एक वजह हाईवे पर सामने आया फायरिंग का वायरल वीडियो भी है. इस वीडियो में कुछ लोग थार गाड़ी पर सवार होकर फायरिंग करते दिखाई दिए थे. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मेले और उसके आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है.

पुलिस की नजर ऐसे लोगों पर है जो मेले में पहुंचकर हुड़दंग कर सकते हैं या दूसरे श्रद्धालुओं के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं. मेले में भैंसा-बुग्गी लेकर आने वालों और अराजक गतिविधियों में शामिल लोगों को रोककर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है.

गंगा खादर क्षेत्र में लगा है कार्तिक पूर्णिमा मेला

हापुड़ के गढ़ क्षेत्र के गंगा खादर में कार्तिक पूर्णिमा मेला आयोजित किया गया है. इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं. मेले को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

पुलिसकर्मियों को मेले के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया गया है, ताकि भीड़ के बीच किसी तरह की अव्यवस्था न हो. श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ ही वाहनों और मेले में आने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मेले में परिवार के साथ आएं, नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की अराजकता से बचें. मेले में घूमने और धार्मिक आयोजन का आनंद लेने के दौरान दूसरों की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखें.