Exclusive: आजम खान के वकीलों ने खोले गिरफ्तारी से जुड़े कई राज, उस रात की पूरी कहानी बता दी
आजम खान को 31 अक्टूबर की रात रामपुर जेल से निकलते ही ED ने गिरफ्तार कर लिया था. अब इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनके वकीलों ने उस रात की पूरी कहानी बताई है. उनका दावा है कि ED अधिकारियों ने गिरफ्तारी का आधार नहीं बताया और दस्तावेज मांगने पर भी नहीं दिखाए. हाईकोर्ट ने भी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.
ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनके वकीलों ने 31 अक्टूबर की रात हुई गिरफ्तारी को लेकर कई बातें बताई हैं. आजम खान के अधिवक्ता काशिफ खान और नासिर सुल्तान ने यूपी Tak से बातचीत में दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें रामपुर जेल से बाहर निकलते ही हिरासत में ले लिया था, लेकिन गिरफ्तारी का आधार नहीं बताया था.
वकीलों के मुताबिक, उस रात उन्होंने ED के अधिकारियों से कई बार गिरफ्तारी का कारण और संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन उन्हें कोई कागज नहीं दिखाया गया.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी आजम खान की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के प्रावधानों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया. इसी आधार पर उन्हें अंतरिम जमानत दी गई है.
'जेल से निकलते ही गिरफ्तार कर लिया गया'
अधिवक्ता काशिफ खान ने बताया कि 31 अक्टूबर को आजम खान को रामपुर जेल से रिहाई मिलने के तुरंत बाद ED ने गिरफ्तार कर लिया था. उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी ने गिरफ्तारी तो दिखाई, लेकिन अदालत में गिरफ्तारी की प्रक्रिया को लेकर जरूरी बातें साबित नहीं कर पाई.
काशिफ खान के मुताबिक, आजम खान करीब एक साल बाद जमानत मिलने पर जेल से बाहर आए थे. उनके बाहर निकलने के कुछ ही समय बाद ED के अधिकारी वहां पहुंच गए और उन्हें अपने साथ ले गए.
उन्होंने कहा कि अब इलाहाबाद हाईकोर्ट से आजम खान को इस मामले में अंतरिम जमानत मिली है. इसके लिए आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. काशिफ खान ने उम्मीद जताई कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद आजम खान उनके बीच होंगे.
गिरफ्तारी के समय ED के अधिकारियों से क्या बातचीत हुई?
जब अधिवक्ता काशिफ खान से पूछा गया कि जिस रात ED आजम खान को गिरफ्तार करने पहुंची थी, उस समय वहां क्या बातचीत हुई थी, तो उन्होंने बताया कि वकीलों ने अधिकारियों से गिरफ्तारी का आधार जानने की कोशिश की थी.
काशिफ खान के अनुसार, ED के अधिकारी जेल की लॉबी में आ गए थे. उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि वे किस आधार पर आजम खान को अपने साथ ले जा रहे हैं. क्या उनके पास कोई समन या वारंट है? अगर ऐसा कोई दस्तावेज है तो उसे दिखाया जाए.
काशिफ खान ने दावा किया कि ED के अधिकारियों ने उन्हें कोई दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया. आजम खान ने भी अधिकारियों से पूछा कि उन्हें क्यों ले जाया जा रहा है और संबंधित कागजात क्यों नहीं दिखाए जा रहे हैं.
वकील के मुताबिक, आजम खान ने अधिकारियों से कहा था कि वे उन्हें कोई कागज दिखाएं और बताएं कि उन्हें किस आधार पर अपने साथ ले जाना चाहते हैं. इस पर अधिकारियों ने जवाब दिया कि बाहर आने पर कागज दिखाए जाएंगे, अभी कुछ नहीं दिखाया जाएगा.
वकीलों को यह भी नहीं बताया कि किस जेल या विभाग में ले जाएंगे
काशिफ खान ने बातचीत में एक और बात बताई. उनके मुताबिक, उस रात ED के अधिकारी अपनी पहचान भी स्पष्ट नहीं कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के पास कोई पहचान पत्र नहीं था और न ही उन्होंने शुरुआत में बताया था कि वे किस विभाग से आए हैं.
काशिफ खान ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से भी पूछा कि आजम खान को कहां ले जाया जाएगा? उन्हें किस जेल में रखा जाएगा और किस विभाग के पास ले जाया जा रहा है? उनके मुताबिक, अधिकारियों ने इस सवाल का भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं मालूम कि आजम खान को कहां ले जाया जाएगा. रास्ते में तय किया जाएगा.
काशिफ खान ने उस रात को बेहद तकलीफ भरा बताते हुए कहा कि परिवार और कानूनी टीम के लिए स्थिति काफी मुश्किल थी.
नासिर सुल्तान बोले- स्वागत के लिए खड़े थे लोग, तभी पहुंच गई ED
आजम खान के दूसरे अधिवक्ता नासिर सुल्तान ने भी 31 अक्टूबर की घटना का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि जब आजम खान जेल से बाहर आ रहे थे तो उनके समर्थकों में उत्साह था. उनके स्वागत के लिए काफी लोग जेल के बाहर मौजूद थे. आजम खान की पूरी कानूनी टीम भी वहां थी.
नासिर सुल्तान के मुताबिक, इसी दौरान अचानक ED के अधिकारी पहुंचे और जेल के गेट पर ही आजम खान को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने गिरफ्तारी का आधार नहीं बताया.
नासिर सुल्तान ने कहा कि गिरफ्तारी के समय किसी व्यक्ति को बताना जरूरी है कि उसे किस कारण से गिरफ्तार किया जा रहा है. संविधान के अनुच्छेद 22(1) में इस संबंध में प्रावधान है. इसके तहत गिरफ्तार व्यक्ति को गिरफ्तारी के आधार की जानकारी देना जरूरी है, ताकि वह अपनी कानूनी लड़ाई लड़ सके. उन्होंने दावा किया कि आजम खान की गिरफ्तारी के समय इस संवैधानिक प्रावधान का पालन नहीं किया गया.
अनुच्छेद 22(1) क्या कहता है?
आजम खान की गिरफ्तारी को लेकर हुई कानूनी बहस में संविधान का अनुच्छेद 22(1) प्रमुख मुद्दा रहा. अनुच्छेद गिरफ्तारी की स्थिति में व्यक्ति को कुछ जरूरी अधिकार देता है. इसके तहत किसी गिरफ्तार व्यक्ति को उसकी गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी जानी चाहिए. उसे अपनी पसंद के वकील से सलाह लेने और उसके जरिए अपना बचाव करने का अधिकार भी है.
नासिर सुल्तान का कहना है कि आजम खान को गिरफ्तारी के समय लिखित रूप में आधार नहीं बताए गए. उन्होंने इसी को गैरकानूनी हिरासत का आधार बताया.
हाईकोर्ट ने भी अपने आदेश में प्रथम दृष्टया माना कि आजम खान को गिरफ्तारी के आधार और उनके खिलाफ कार्रवाई के कारण लिखित रूप में उपलब्ध नहीं कराए गए थे. कोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया में संविधान के अनुच्छेद 22(1) और PMLA की धारा 19 के पालन पर सवाल उठाए.
हाईकोर्ट ने क्यों दी अंतरिम जमानत?
आजम खान ने ED की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए अदालत का रुख किया था. 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह की पीठ ने उन्हें अंतरिम जमानत देने का आदेश दिया.
अदालत ने कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों से प्रथम दृष्टया सामने आया कि गिरफ्तारी के आधार और आजम खान की कथित संलिप्तता के कारण उन्हें लिखित रूप में नहीं बताए गए थे. अदालत ने माना कि दूसरी जेल से रिहाई के तुरंत बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाना कार्रवाई के पीछे दुर्भावना होने के आरोप को बल देता है.
कोर्ट ने ED को विस्तृत जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है. आजम खान को भी अपना जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है. मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर 2026 को होनी है.
ये भी पढ़ें- आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दी अंतरिम जमानत, शिवपाल की भविष्यवाणी की खूब हो रही चर्चा
