आजम खान डासना जेल से आ गए बाहर, ईडी केस में इलाहाबाद HC से मिली थी जमानत
आजम खान डासना जेल से बाहर आ गए हैं. इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई. पत्नी तंजीन फातिमा ने इसे इंसाफ की जीत बताया और 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद हुई ED की गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई.
ADVERTISEMENT

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान डासना जेल से बाहर आ गए हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई है. उनकी रिहाई के लिए अदालत की ओर से तय की गई सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं. आजम खान की रिहाई 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये के निजी मुचलके (पर्सनल बॉन्ड) पर हुई है.
आजम खान की जमानत के लिए शहनवाज और जुनैद ने जमानती बनने की जिम्मेदारी ली. दोनों की ओर से 50-50 हजार रुपये की दो एफडी भी जमा कराई गईं. इसके अलावा अदालत ने एक शपथ पत्र (एफिडेविट) दाखिल करने का निर्देश दिया था. आजम खान के वकील की ओर से सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गईं. इसके बाद अदालत से रिहाई का परवाना डासना जेल भेजा गया.
जेल से बाहर आते ही बेटे को चूमा
डासना जेल से बाहर आने के बाद आजम खान भावुक नजर आए. उन्होंने सबसे पहले अपने बेटे अदीब को चूमा और उससे मुलाकात की. जेल से रिहाई के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार होकर समर्थकों के हुजूम के साथ रवाना हुए. इस दौरान जेल के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ मौजूद रही.
आजम खान की रिहाई पर पत्नी तंजीन फातिमा ने क्या कहा?
आजम खान को जमानत मिलने के बाद उनकी पत्नी और पूर्व सांसद तंजीन फातिमा ने खुशी जताई. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट का धन्यवाद करते हुए इसे इंसाफ की जीत बताया. तंजीन फातिमा ने कहा कि आजम खान की रिहाई का इंतजार सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि रामपुर के लोग और दूसरे शहरों में रहने वाले उनके समर्थक भी कर रहे थे.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि रामपुर में खुशी का माहौल है. आजम खान को चाहने वाले लोग उनकी रिहाई के लिए लगातार दुआएं कर रहे थे. उनके मुताबिक, मस्जिदों के साथ मंदिरों में भी आजम खान की रिहाई के लिए प्रार्थना की गई. उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग खड़े हैं.
रामपुर जेल से रिहाई के बाद फिर हुई थी गिरफ्तारी
तंजीन फातिमा ने 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से आजम खान की रिहाई के तुरंत बाद ED की ओर से की गई गिरफ्तारी पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने इस कार्रवाई को मानवता और कानून के खिलाफ बताते हुए इसे 'जुल्म की इंतहा' करार दिया.
ED के रवैये पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "ईडी का रवैया बहुत ही जालिमाना था. चाहे वह दबाव में हो, यह तो मैं नहीं जानती." उनका कहना था कि आजम खान और उनके परिवार को पिछले 7-8 साल से लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
अखिलेश यादव को बताया परिवार का करीबी
आजम खान की रिहाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को लेकर भी तंजीन फातिमा से सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके परिवार के साथ उनके पारिवारिक संबंध भी हैं.
तंजीन फातिमा ने कहा कि अखिलेश यादव ने हमेशा उनके परिवार की मदद की है. उन्होंने उनके सहयोग के लिए आभार जताया.
आजम खान की रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के इस वरिष्ठ नेता को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो सकती हैं. फिलहाल ED की ओर से हाईकोर्ट के जमानत आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दिए जाने के कारण इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी.
ये भी पढ़ें- Exclusive: आजम खान के वकीलों ने खोले गिरफ्तारी से जुड़े कई राज, उस रात की पूरी कहानी बता दी
