'100 करोड़ का वर्ल्ड क्लास' बनारस रेलवे स्टेशन मॉनसून की पहली बारिश नहीं झेल सका, पंखों से बहता दिखा पानी!
Varanasi Station Viral Video: वाराणसी के 100 करोड़ रुपये की लागत से बने बनारस रेलवे स्टेशन पर पहली बारिश में छत और पंखों से पानी टपकने का वीडियो वायरल हो गया. रेलवे ने सफाई दी. लेकिन निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
ADVERTISEMENT

Varanasi Station Viral Video: वाराणसी के जिस स्टेशन को 100 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से संवारा गया और जिसे वर्ल्ड क्लास दर्जे का तमगा मिला और खुद देश के प्रधानमंत्री और स्थानीय सांसद नरेंद्र मोदी ने जिसका लोकार्पण किया था... वह बनारस रेलवे स्टेशन मॉनसून की पहली ही बारिश का दबाव नहीं झेल सका. वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन (पूर्व में मडुआडीह) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें स्टेशन के प्लेटफॉर्म की फॉल्स सीलिंग से पानी इस तरह बह रहा है मानो कोई सरकारी नल खुला छोड़ दिया गया हो. हैरान करने वाली बात यह है कि प्लेटफॉर्म पर लगे पंखों, जिनसे ठंडी हवा आनी चाहिए थी उनसे पानी का झरना बहता दिखाई दे रहा है. इस घटना ने एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मेंटेनेंस पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
