Saharanpur News: कांवड़ यात्रा-2026, डीआईजी और एसएसपी ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Saharanpur Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए डीआईजी और एसएसपी ने सहारनपुर में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
ADVERTISEMENT

Saharanpur News: आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर ने पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, प्रभारी यातायात, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. टीम ने काली नदी, बड़कला, गागलहेड़ी, राकेश केमिकल, घंटाघर, नकुड़ तिराहा चौकी, सरसावा, सरसावा कट, राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हरियाणा सीमा स्थित शाहजहांपुर चौकी सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, पार्किंग स्थल, पुलिस पिकेट, ड्यूटी प्वाइंट, कंट्रोल रूम, आपातकालीन सेवाओं, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
