लेटेस्ट न्यूज़

सहारनपुर में घर के अंदर बेड पर संदिग्ध हालात में मिली कोमल की बॉडी, भाई आशीष को पुलिस ने किया गिरफ्तार!

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 27 साल की ग्राम पंचायत सहायक कोमल का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है. मृतका के भाई से पूछताछ जारी है, रिपोर्ट का इंतजार है.

ADVERTISEMENT

Saharanpur News
Saharanpur News
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है. थाना नागल क्षेत्र के लखनौती गांव में 27 साल की ग्राम पंचायत सहायक कोमल का शव उनके ही घर के अंदर बेड पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. घर के अंदर हुई इस रहस्यमयी मौत के बाद से जहां एक तरफ परिवार में कोहराम मचा है वहीं पुलिस यह गुत्थी सुलझाने में जुटी है कि आखिर सोते समय यह खौफनाक हादसा कैसे हुआ.

क्या है पूरा मामला?

शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे थाना नागल पुलिस को लखनौती गांव में एक युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिली. मृतका की पहचान 27 साल की कोमल के रूप में हुई है जो गांव में ग्राम पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थीं. तीनों भाई-बहनों में सबसे बड़ी कोमल रात में अपने कमरे में सोने गई थी, जबकि उसका छोटा भाई आशीष घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था. वहीं माता-पिता घर से कुछ दूरी पर स्थित घेर में थे. सुबह जब मां राजवती घर लौटीं तो बेटी को मृत अवस्था में देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

मां के बयान और उलझे हुए सवाल

मृतका की मां राजवती ने बताया कि वह रात में घर पर मौजूद नहीं थीं क्योंकि वे मवेशियों और बीमार पति की देखरेख के लिए घेर में थीं. सुबह जब वह घर पहुंचीं, तो वहां पुलिस मौजूद थी और कोमल कमरे में मृत पड़ी थी. मां के मुताबिक, उनका छोटा बेटा आशीष सुबह से ही थाने में है. घर के अंदर कमरे में सो रही युवती की संदिग्ध हालात में मौत होने और घर के बाहर भाई के सोने के बाद भी कुछ पता न चलने से यह मामला बेहद रहस्यमय बन गया है.

पुलिस की जांच और भाई हिरासत में

सूचना मिलते ही एसपी देहात मयंक पाठक और थाना नागल पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच कर रही है. घटना के समय घर के बाहर सो रहे मृतका के भाई आशीष को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि पुलिस परिवार और ग्रामीणों से लगातार पूछताछ कर रही है. मौत की असली वजह और हत्यारे का सच क्या है, इसका खुलासा केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर एक पहलू को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है.

ये भी पढ़ें: पश्चिम यूपी से सपा में शामिल हो गए ये दिग्गज नेता, विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका