लेटेस्ट न्यूज़

डासना जेल से रिहा होकर देर रात रामपुर पहुंचे आजम खान ने साधा निशाना, बोले- 'अब चुनाव नहीं इंकलाब होगा'

जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे आजम खान ने बीजेपी और जांच एजेंसियों पर जमकर निशाना साधा. समर्थकों के जोरदार स्वागत के बीच उन्होंने संविधान, माफिया के आरोपों और आगामी चुनावों को लेकर ऐसा क्या कहा, जिसने सियासी हलचल बढ़ा दी?

ADVERTISEMENT

Azam Khan
आजम खान
social share
Google CTA

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से रिहा होकर देर रात अपने गढ़ रामपुर पहुंचे. उनके पहुंचते ही समर्थकों की भारी भीड़ ने उन पर पुष्प वर्षा की, आतिशबाजी की और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका स्वागत किया. जेल से बाहर आने के बाद रामपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए आजम खान ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्रीय जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला. अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने ऐलान किया कि अब चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं बल्कि मुद्दों पर लड़ा जाएगा और अब 'चुनाव नहीं इंकलाब होगा, बदलाव नहीं सैलाब होगा.'

'क्या मैं माफिया हूं?'-जांच एजेंसियों और आरोपों पर भड़के आजम खान

रामपुर में अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए आजम खान ने खुद को माफिया कहे जाने और अपने खिलाफ हुई कार्रवाइयों पर गहरी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या मैं माफिया हूं? बच्चों के स्कूल खोलने वाला, एक विश्वविद्यालय बनाने वाला अगर माफिया हो सकता है... अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी कराने वाला ईडी का मुलजिम होकर यूनिवर्सिटी बनाता है, तो मेरी मालिक से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो ताकि वो यूनिवर्सिटी बना सके.'

उन्होंने आगे कहा कि अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के जमाने में ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और डेवलपमेंट अथॉरिटी होती, तो वे भी जेलों में होते और संस्थान नहीं बना पाते. आजम खान ने संवैधानिक संस्थाओं को भी नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपनी गिरती साख और अदालतों की टिप्पणियों को देखते हुए अपना स्तर बचाकर रखना चाहिए.

संविधान अभी कैद में है-आजम खान

आजम खान ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी का सफाया हो चुका है और एमएलसी चुनाव में जो सीटें पार्टी ने जीती हैं, वे गलत तरीकों से जीती गई हैं. उन्होंने कहा कि देश तो आजाद हो गया है, लेकिन संविधान अभी कैद में है. संविधान के लिए मरने-मिटने की बात दोहराते हुए आजम खान ने कहा कि वे संविधान और विधान के लिए मरने के लिए तैयार थे, तैयार हैं और तैयार रहेंगे.

कैसे हुई डासना जेल से रिहाई?

रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आजम खान को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था जिसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जेल भेजा गया था. 18 नवंबर 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें इस मामले में अंतरिम जमानत दे दी. इसके बाद उनके वकीलों ने गाजियाबाद की विशेष अदालत में रिहाई के लिए आवेदन किया, जहां बॉन्ड और दो जमानती बॉन्ड जमा करने की शर्त पर उनकी रिहाई के आदेश जारी हुए. देर शाम जेल से बाहर निकलने के बाद आजम खान देर रात रामपुर पहुंचे जहां समर्थकों के उत्साह से सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है.

ये भी पढ़ें: गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा, बुलडोजर की चपेट में आने से BJP नेता के 14 साल के बेटे की मौत