जेल से बाहर आने के बाद क्या पत्नी तंजीम फातिमा को चुनाव लड़ाएंगे आज़म खान?
आज का यूपी में देखिए आजम खान की रिहाई के बाद रामपुर की बदलती सियासत, तंजीम फातिमा के चुनाव लड़ने की चर्चा, ओवैसी के नैरेटिव पर असर और गोरखपुर में अखिलेश यादव की रथयात्रा का पूरा विश्लेषण.
ADVERTISEMENT

यूपी Tak के खास शो 'आज का यूपी' में हम राज्य की तीन बड़ी खबरों का विश्लेषण करते हैं. इस शो में आज हम सबसे पहले आजम खान की जेल से रिहाई के बाद बदलती सियासत, तंजीम फातिमा के चुनाव लड़ने की अटकलों और सपा के भीतर संभावित समीकरणों पर चर्चा करेंगे. दूसरी खबर में देखेंगे कि आजम खान की वापसी से क्या असदुद्दीन ओवैसी और अन्य दलों द्वारा समाजवादी पार्टी के खिलाफ बनाया गया नैरेटिव कमजोर होगा या सपा के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी. तीसरी खबर में अखिलेश यादव की गोरखपुर व चौरी चौरा की रथयात्रा, उमड़ी भीड़ और पूर्वांचल में ठाकुर-ब्राह्मण सियासत साधने की रणनीति का विश्लेषण करेंगे.
आजम खान की रिहाई और रामपुर की बदलती सियासत: क्या चुनाव लड़ेंगी तंजीम फातिमा?
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खान के जेल से बाहर आने की खबरों के बीच रामपुर और उनके घर में जश्न व खुशियों का माहौल है. रिहाई की इस राह में परिवार को लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी और सुप्रीम कोर्ट में ईडी की मौजूदगी के बीच अदालत की टिप्पणियों ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया. रिहाई से पहले तंजीम फातिमा ने कहा कि मुश्किल वक्त में अखिलेश यादव परिवार के साथ खड़े रहे हैं और वह परिवार के सदस्य की तरह हैं. साथ ही उन्होंने मस्जिदों व मंदिरों में दुआओं और बीते आठ वर्षों की कठिन परिस्थितियों का जिक्र किया.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आजम खान के बाहर आने के बाद रामपुर की सियासत किस दिशा में जाएगी. चूंकि आजम खान और उनके छोटे बेटे अपनी सजा के चलते चुनाव नहीं लड़ सकते और बड़े बेटे राजनीति से दूर हैं. ऐसे में चर्चाएं तेज हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव में रामपुर सदर से तंजीम फातिमा मैदान में उतर सकती हैं. तंजीम फातिमा राज्यसभा जाना चाहती हैं. लेकिन अगले दो वर्षों तक कोई सीट खाली न होने के कारण परिवार के भीतर से किसी के चुनाव लड़ने की संभावना प्रबल मानी जा रही है. हालांकि इस पर अंतिम फैसला और हरी झंडी खुद आजम खान की ओर से ही आने की उम्मीद है.
ओवैसी के नैरेटिव की अग्निपरीक्षा और सपा के भीतर संभावित समीकरण
आजम खान के जेल में रहने के दौरान विपक्ष और कई नेताओं ने यह नैरेटिव गढ़ने की कोशिश की कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ने उन्हें मझधार में छोड़े रखा, जिसका फायदा असदुद्दीन ओवैसी, चंद्रशेखर और अन्य दलों ने उठाने की कोशिश की. लेकिन तंजीम फातिमा के बयान ने यह संदेश दिया है कि परिवार का अखिलेश यादव से टकराव नहीं है और वे मुश्किल वक्त में साथ खड़े रहे. अब नजर इस बात पर है कि बाहर आने के बाद आजम खान का रुख कैसा रहता है, क्या वे संयमित रहेंगे या फिर पार्टी और अपने विरोधियों पर खुलकर निशाना साधेंगे.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मुरादाबाद मंडल और रामपुर की मुस्लिम राजनीति में आजम खान का प्रभाव बेहद अहम माना जाता है. समाजवादी पार्टी चाहेगी कि आजम खान नाराज होने के बजाय पार्टी के लिए ताकत बनें और ओवैसी द्वारा बनाए गए माहौल का जवाब दें. साथ ही सांसद मोहीबुल्ला नदवी से पुराने मतभेदों और पार्टी के भीतर के अन्य समीकरणों के बीच आजम खान की अगली चालों पर सबकी निगाहें टिकी हैं. टिकटों की मांग से लेकर सियासी फैसलों तक, आजम खान की बातों को अखिलेश यादव कैसे साधते हैं, यह आने वाले समय की बड़ी सियासी कसौटी होगी.
गोरखपुर और चौरी चौरा में अखिलेश यादव की रथयात्रा: ठाकुर-ब्राह्मण सियासत का दांव
एक तरफ आजम खान की रिहाई की चर्चा है, तो दूसरी तरफ अखिलेश यादव अपनी रथयात्रा के साथ गोरखपुर और चौरी चौरा पहुंचे, जहां उनके स्वागत में भारी भीड़ उमड़ी. यात्रा के दौरान अखिलेश यादव चौरी चौरा के एक प्रतिष्ठित ठाकुर परिवार से मिले, जिससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा वहां से किसी ठाकुर चेहरे को मैदान में उतार सकती है. इसके साथ ही वे हाता भी पहुंचे, जो हरिशंकर तिवारी के प्रभाव वाले क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, जिससे गोरखपुर, महाराजगंज और देवरिया जैसे इलाकों के सियासी समीकरणों को परखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
रथयात्रा के दौरान करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने पूर्वांचल में हलचल पैदा कर दी। माता प्रसाद पांडे जैसे नेताओं के साथ-साथ ब्राह्मण और ठाकुर वर्ग को साधने की इस कवायद को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में सेंध लगाने की बड़ी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. भले ही भीड़ को चुनावी जीत का पक्का पैमाना न माना जाए, लेकिन इस यात्रा ने गोरखपुर की राजनीति में नया विमर्श जरूर खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: आजम खान डासना जेल से आ गए बाहर, ईडी केस में इलाहाबाद HC से मिली थी जमानत
