कुंडा में रामकथा के बीच पवन सिंह के हाथ से राजा भैया ने अचानक छीन ली माइक, क्या है पूरा मामला?
राजा भैया ने श्री राम कथा के मंच पर पवन सिंह के हाथ से अचानक माइक क्यों छीन लिया? प्रतापगढ़ के बेंती राजभवन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. आखिर ऐसी कौन सी चूक हुई, जिसके लिए राजा भैया को माफी मांगनी पड़ी?
ADVERTISEMENT

प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में चल रही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री राम कथा का एक दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मंच पर भोजपुरी के स्टार पवन सिंह जैसे ही बोलने के लिए माइक संभालते हैं. लेकिन तभी कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया अचानक उनके हाथ से माइक छिन लेते हैं और कुछ अतिथियों के नाम छूटने पर मंच से माफी मांगते नजर आते हैं. राजा भैया का ये अनोखा और बेबाक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
राजा भैया ने क्यों छिना पवन सिंह के हाथ से माइक?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पवन सिंह सबसे पहले मंच पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लेते हैं, जिसके बाद राजा भैया उन्हें माइक थमाकर संबोधित करने के लिए कहते हैं. पवन सिंह जैसे ही बोलने की शुरुआत करते हैं तभी राजा भैया को कुछ याद आ जाता है. वे अपनी चूक पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन सिंह से माइक लेते हैं और मंच से कहते हैं कि कार्यक्रम में मौजूद धनंजय सिंह और प्रिंसु का नाम नहीं लिया जा सका, जिसके लिए वे क्षमा चाहते हैं. राजा भैया ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि यह लिखने वाले की गलती और उनकी अपनी चूक थी, क्योंकि मौके पर मौजूद दोनों अतिथियों का परिचय नहीं दिया जा सका था. इस पल और राजा भैया के अंदाज पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
पवन सिंह ने गाया भजन, कहा- 'दिल गदगद हो गया'
राजा भैया की घोषणा के बाद पवन सिंह ने दोबारा माइक संभाला. इसके बाद उन्होंने मंच से भजन गाया, जिस पर पूरा कथा पंडाल तालियों से गूंज उठा. पवन सिंह कथा सुनने के साथ-साथ आरती में भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि राजा भैया के आशीर्वाद से उन्हें इस कथा में आने का अवसर मिला जो उनके लिए सौभाग्य की बात है. पवन सिंह ने कहा कि भक्तों, सेवकों और श्रद्धालुओं का भाव देखकर उनका दिल गदगद हो गया है और खुशी जाहिर करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं.
श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
बेंती राजभवन में चल रही धीरेंद्र शास्त्री की श्री राम कथा में पवन सिंह के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने तालियों से उनका स्वागत किया. आयोजन में उनकी मौजूदगी को लेकर भक्तों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आया.
