प्रयागराज में कभी डर का दूसरा नाम था दिलीप मिश्रा, माफिया का प्रशासन ने किया ये हाल!
ADVERTISEMENT
प्रयागराज में माफिया दिलीप मिश्रा की 54 मामलों में नामज़द करोड़ों की संपत्तियां पुलिस ने जब्त कीं. प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इस वक्त की एक बड़ी और कानून व्यवस्था से जुड़ी अहम खबर सामने आ रही है. प्रयागराज में एक बार फिर से अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्त कार्रवाई तेज कर दी है. इस बार पुलिस के निशाने पर आया है प्रयागराज का कुख्यात माफिया दिलीप मिश्रा, जिसके खिलाफ कभी पूरा इलाका खौफ से कांपता था. अपराध के जरिए खड़ी की गई दिलीप मिश्रा की करोड़ों की अचल संपत्ति पर आखिरकार प्रशासन ने सरकारी ताला जड़ दिया है. यमुनानगर जोन की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दिलीप मिश्रा की करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की जमीन को कुर्क कर लिया है.