प्रयागराज में लेखपाल परीक्षा रद्द कराने को लेकर छात्रों का हल्ला बोल, अब कर रहे ये तीन मांग
प्रयागराज में लेखपाल भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकाला. छात्रों ने परीक्षा रद्द कर री-एग्जाम और UPSI स्कोर कार्ड जारी करने की मांग की, जबकि आयोग ने आरोपों को अफवाह बताया है.
ADVERTISEMENT

Lekhpal Exam Protest
उत्तर प्रदेश के शिक्षा के सबसे बड़े केंद्र प्रयागराज की सड़कें एक बार फिर प्रतियोगी छात्रों के नारों और आक्रोश से गूंज उठी हैं. मई 2026 में आयोजित हुई लेखपाल भर्ती परीक्षा में व्यापक पैमाने पर कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ 29 मई की शाम सैकड़ों अभ्यर्थियों ने सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया. हाथों में तिरंगा, जलती हुई मोमबत्तियां और पोस्टर्स लिए छात्रों ने एक विशाल कैंडल मार्च निकाला. छात्रों का साफ तौर पर कहना है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है. इसलिए इस परीक्षा को तत्काल रद्द कर री-एग्जाम कराया जाए. वहीं दूसरी तरफ शासन और आयोग ने पेपर लीक के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे महज एक अफवाह बताया है.
