जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण पर कमिश्नरी कोर्ट से स्टे, फिर भी धरने पर क्यों अड़े छात्र? समझें पूरा मामला
ADVERTISEMENT
रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश पर कमिश्नरी कोर्ट ने स्टे लगा दिया है. हालांकि आदेश खारिज करने की मांग पर अड़े छात्रों का 10वें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा.
रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश को लेकर चल रहे विवाद में बड़ी राहत सामने आई है. कमिश्नरी कोर्ट ने अगली सुनवाई तक भवनों पर बुलडोजर चलाने या किसी भी तरह के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक (स्टे) लगा दी है. कोर्ट के इस आदेश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए फैसले का स्वागत किया है. हालांकि पिछले 10 दिनों से विश्वविद्यालय के बाहर धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि उनकी मांग केवल स्टे की नहीं बल्कि इस ध्वस्तीकरण आदेश को पूरी तरह खारिज करने की है. यही वजह है कि स्टे मिलने के बाद भी छात्रों का प्रदर्शन फिलहाल जारी है.
