'शादी करूंगी तो बॉयफ्रेंड से ही...' कौशांबी में मोबाइल टावर पर चढ़ी लड़की, 3 घंटे तक पुलिस भी रही परेशान
Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में बॉयफ्रेंड से शादी करने की जिद में एक 15 साल की नाबालिग लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. लड़की की इस हरकत से गांव में हड़कंप मच गया.
ADVERTISEMENT

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में बॉयफ्रेंड से शादी करने की जिद में एक 15 साल की नाबालिग लड़की मोबाइल टावर पर चढ़ गई. लड़की की इस हरकत से गांव में हड़कंप मच गया. नीचे मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही. सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और माइक से अनाउंसमेंट कर लड़की को नीचे उतरने के लिए मनाया. करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में लड़की ने एक लड़के से प्यार करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई है. फिलहाल पुलिस और परिवार के लोग उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं.
बॉयफ्रेंड से शादी की जिद
पूरा मामला कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के सकंदीपुर बजहा गांव का है. यहां एक 15 साल की लड़की कई फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. बताया जा रहा है कि लड़की एक लड़के से प्यार करती है और उससे शादी करना चाहती है. इसी बात को लेकर वह नाराज थी. टावर पर चढ़ने के बाद उसने साफ कर दिया कि वह शादी करेगी तो अपने बॉयफ्रेंड से ही करेगी. लड़की को इतनी ऊंचाई पर बैठा देखकर स्थानीय लोग घबरा गए. लोगों ने उसे आवाज लगाकर नीचे आने के लिए कहा, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी.
पुलिस ने माइक से की अपील
लड़की के मोबाइल टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर कोई उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटा था. इस दौरान लड़की बार-बार खड़ी होकर नीचे की तरफ देखती और फिर टावर पर बैठ जाती थी. जैसे-जैसे समय बीत रहा था, मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही थी. स्थिति को देखते हुए पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने माइक के जरिए लड़की से नीचे उतरने की अपील की. उसे बार-बार समझाया गया कि वह सुरक्षित नीचे आ जाए, लेकिन लड़की अपनी जिद पर कायम रही.
यह भी पढ़ें- 'शादी करूंगी तो सिर्फ प्रेमी से, वरना...', मोबाइल टावर पर चढ़ी नाबालिग लड़की, फिर पुलिस ने ऐसे मनाया
शादी में इसलिए आ रही थी परेशानी
दावों के मुताबिक लड़की पिछले कई सालों से एक लड़के से प्यार करती है और उसी से शादी करना चाहती है. बताया जा रहा है कि दोनों की जाति अलग-अलग होने के कारण उनकी शादी नहीं हो पा रही थी. इसी बात से नाराज होकर लड़की ने मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया. हालांकि, इस मामले में शादी नहीं हो पाने की वजह को लेकर सामने आई जानकारी दावों पर आधारित है. लड़की की इस हरकत के बाद परिवार और गांव के लोग परेशान हो गए. सभी की कोशिश थी कि किसी तरह उसे बिना नुकसान पहुंचाए नीचे उतार लिया जाए.
तीन घंटे तक चला समझाने का सिलसिला
मोबाइल टावर पर लड़की के चढ़ने के बाद करीब तीन घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. पुलिस ने लड़की के परिवार से बातचीत की और उसे समझाने की कोशिश की. उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी बात सुनी जाएगी और वह पहले नीचे उतर आए. लगातार समझाने और मनाने के बाद आखिरकार लड़की टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई. करीब तीन घंटे बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले गई. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की निगाहें लगातार टावर पर टिकी रहीं.
पुलिस कर रही पूछताछ
संदीपन घाट थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह के मुताबिक नाबालिग लड़की को टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया गया था. शुरुआती पूछताछ में उसने एक लड़के से प्यार करने और उससे शादी करने की इच्छा जताई. पुलिस के मुताबिक लड़की की उम्र महज 15 साल है. पूछताछ के बाद उसे परिवार वालों के हवाले कर दिया गया है. फिलहाल परिवार के लोग उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं और उसकी काउंसलिंग भी कराई जा रही है. वहीं, मोबाइल टावर पर चढ़ी लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों के बीच इसी मामले की चर्चा होती रही.
यह भी पढ़ें- नेटवर्क में हुई दिक्कत तो टावरकर्मी को खंभे से बांधा, अब पुलिस ने लिया ये बड़ा एक्शन!
