जमीन पर सिर, आसमान में पैर... चित्रकूट में हाइवे किनारे नशे में धुत यूपी पुलिस जवान का वीडियो वायरल, SP ने किया निलंबित
Chitrakoot Policeman Viral Video: चित्रकूट से आई वीडियो पुलिस प्रशासन के अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. बता दें प्रयागराज नेशनल हाइवे के किनारे एक कैंटीन में यूपी पुलिस का सिपाही शराब के नशे में धुत होकर कुर्सी पर उल्टी हालत में लेटा हुआ था.
ADVERTISEMENT

Chitrakoot Policeman Viral Video: सुर्खियों में रहती है. लेकिन इस बार यूपी पुलिस का जवान अपनी कड़ी कार्रवाई को लेकर नहीं बल्कि अपनी लापरवाही को लेकर जमकर वायरल हो रहा है. चित्रकूट से आई यह वीडियो पुलिस प्रशासन के अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. बता दें प्रयागराज नेशनल हाइवे के किनारे एक कैंटीन में यूपी पुलिस का सिपाही शराब के नशे में धुत होकर कुर्सी पर उल्टी हालत में लेटा हुआ था. उसका सिर जमीन पर था और पैर आसमान में, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अब इस घटना का संज्ञान लेते हुए चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल को तुरंत सस्पेंड कर दिया है. इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं.
कैंटीन में उल्टी हालत में मिला पुलिसकर्मी
यह पूरा मामला 19 अक्टूबर का बताया जा रहा है. प्रयागराज नेशनल हाइवे पर मौजूद एक कैंटीन में यूपी पुलिस का एक हेड कॉन्स्टेबल नशे की हालत में कुर्सी पर लेटा हुआ था. उसकी हालत इतनी ज्यादा खराब थी कि उसका सिर नीचे की तरफ था और पैर ऊपर की तरफ थे. इस अजीबोगरीब नजारे को देखकर वहां मौजूद किसी शख्स ने डायल 112 पर पुलिस को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही पीआरवी की टीम मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मी को अपने साथ ले गई. इसके बाद अस्पताल में उसका मेडिकल भी कराया गया है.
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई
सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस की तरफ से जारी प्रेस नोट के मुताबिक वीडियो में दिखने वाले इस पुलिसकर्मी की पहचान दीपक प्रकाश वर्मा के रूप में हुई है. वह पुलिस लाइन में तैनात था. वीडियो सामने आने के बाद चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह ने कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्स्टेबल दीपक प्रकाश वर्मा को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही मामले की आगे की जांच क्षेत्राधिकारी कर्वी को सौंप दी गई है.
पहले भी कर चुका है ऐसी हरकतें
पुलिस विभाग की ओर से बताया गया है कि हेड कॉन्स्टेबल दीपक प्रकाश वर्मा का यह कोई पहला मामला नहीं है. वह पहले भी शराब के नशे में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें करता रहा है. पुलिस का कहना है कि ऐसी हरकतों से विभाग की छवि काफी खराब होती है. फिलहाल कुर्सी पर उल्टी हालत में लेटे इस पुलिसकर्मी का वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'आपकी जगह कोई और...' यूपी के अस्पताल में कौन घुस गया जो अखिलेश ने ब्रजेश पाठक की ले ली चुटकी?
