हापुड़ में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या! दिवाली का विज्ञापन लेने फ्लोर मिल पहुंचे थे नसीम अहमद
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दिवाली का विज्ञापन लेने गए 60 साल के पत्रकार नसीम अहमद की मारपीट के बाद मौत हो गई. आरोप है कि जरौठी रोड स्थित एक फ्लोर मिल में विज्ञापन मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मिल मालिक और उसके साथियों ने पत्रकार के साथ मारपीट की.
ADVERTISEMENT

Hapur Journalist Murder: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में दिवाली का विज्ञापन लेने गए 60 साल के पत्रकार नसीम अहमद की मारपीट के बाद मौत हो गई. आरोप है कि जरौठी रोड स्थित एक फ्लोर मिल में विज्ञापन मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद मिल मालिक और उसके साथियों ने पत्रकार के साथ मारपीट की. घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और फ्लोर मिल मालिक समेत तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस वारदात से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
विज्ञापन मांगने पहुंचे पत्रकार से हुआ विवाद
नसीम अहमद हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोठी गेट के रहने वाले थे और एक दैनिक अखबार में पत्रकार के तौर पर काम करते थे. रविवार के दिन वह दीपावली के विज्ञापन के सिलसिले में अपने सहयोगी और चालक सलाउद्दीन के साथ जरौठी रोड स्थित अशोक कुमार गुप्ता की फ्लोर मिल पहुंचे थे. चश्मदीद सलाउद्दीन के मुताबिक विज्ञापन मांगने को लेकर वहां विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि पत्रकार को फर्जी बताते हुए वहां से जाने के लिए कहा गया. इसके बाद फ्लोर मिल मालिक अशोक गुप्ता समेत 8 से 10 लोगों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया.

लात-घूंसों और डंडों से पिटाई
प्रत्यक्षदर्शी सलाउद्दीन के अनुसार पत्रकार नसीम अहमद की लात-घूंसों और डंडों से पिटाई की गई. मारपीट के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उन्हें आनन-फानन में हापुड़ के गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि जरौठी रोड स्थित आटा मिल में विज्ञापन लेने गए पत्रकार के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी. अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई. पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें- बिजनौर में पति निकला 'नपुंसक' तो ससुर ने बहू से की भद्दी बात, बोला- 'मेरे साथ अवैध संबंध बनाओ'
फ्लोर मिल मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
एएसपी महेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मृतक के दामाद की तहरीर पर हापुड़ देहात थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने नामजद मुख्य आरोपियों अशोक कुमार गुप्ता, कपिल अग्रवाल और नरेश कुमार को रॉयल एन्कलेव कॉलोनी के पास से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. फिलहाल, घटना से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों का पता लगा रही है.
