महोबा में सरकारी बीज की कालाबाजारी पकड़ते ही BJP विधायक बृजभूषण राजपूत ने गोदाम प्रभारी को जड़े थप्पड़; बोले- 'अखिलेश से मिले हो'
महोबा के चरखारी में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने सरकारी चने के बीज की कालाबाजारी पकड़ी. करीब 100 बोरियां पिकअप से बरामद हुईं. गोदाम प्रभारी को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल है, पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और कालाबाजारी से जुड़ा मामला सामने आया है. चरखारी विधानसभा क्षेत्र से चर्चित भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने किसानों के लिए आए सरकारी चने के बीज की कालाबाजारी पकड़ी और राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी को रंगे हाथों धर दबोचा. गुस्साए विधायक ने गोदाम प्रभारी सोनू यादव को न सिर्फ खरी-खोटी सुनाई बल्कि उसे थप्पड़ तक जड़ दिए और आरोप लगाया कि वह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मिला हुआ है. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है.
रंगे हाथों पकड़ी गई सरकारी बीज की कालाबाजारी
चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्र पर किसानों के बीच वितरण के लिए सरकार की तरफ से निशुल्क चने का बीज भेजा गया था. आरोप है कि गोदाम प्रभारी सोनू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी बीज की लगभग 100 बोरियां चुपचाप एक पिकअप वाहन में लोड करवा रहा था ताकि बाजार में इसकी कालाबाजारी की जा सके.
भनक लगते ही भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ अचानक मौके पर पहुंच गए. जब गोदाम प्रभारी से कागजात और जब्ती को लेकर पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और गोलमोल बातें करने लगा.
विधायक का फूटा गुस्सा, थप्पड़कांड और वायरल वीडियो
पूछताछ के दौरान जब गोदाम प्रभारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका तो विधायक बृजभूषण राजपूत का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. गुस्से में उन्होंने प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए और उस पर विरोधी दल (अखिलेश यादव) से मिले होने का आरोप लगाया. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है. विधायक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि किसानों के हक पर डाका डालने वाले भ्रष्ट कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें जेल भेजा जाएगा और जरूरत पड़ी तो उनका लठ पूजन भी किया जाएगा.
प्रशासन की कार्रवाई और जब्ती
सूचना मिलते ही उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पिकअप गाड़ी से चने के बीज की करीब 100 बोरियां बरामद की गईं जिनकी बाजार में कीमत 4 से 5 लाख रुपये आंकी जा रही है. कृषि अधिकारी की तहरीर पर चरखारी कोतवाली में गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने पिकअप और पूरा सरकारी बीज जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
