लेटेस्ट न्यूज़

गाजियाबाद की सनसिटी में होगा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित महानाट्य ‘जाणता राजा’ का सजीव मंचन

गाजियाबाद की सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर तक ‘जाणता राजा’ महानाट्य का आयोजन होगा. 250 कलाकार छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, शौर्य और सैन्य रणनीति को मंच पर जीवंत करेंगे. उद्घाटन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे.

ADVERTISEMENT

Jaanata Raja Mega Play in Ghaziabad
Jaanata Raja Mega Play in Ghaziabad
social share
Google CTA

दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्त्वावधान में आगामी 22 अक्टूबर से आयोजित होने वाले महानाट्य ‘जाणता राजा’ की उलटी गिनती शुरू हो गई है. नोएडा के अदिरा बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ‘भैया जी’ ने आयोजन और मंचन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी.

गाजियाबाद में ‘जाणता राजा’ के आयोजन का उद्देश्य बताते हुए डॉ. गौतम ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने देश को बांग्लादेश, नेपाल, सीरिया और लीबिया जैसी परिस्थितियों की ओर ले जाने वाले विमर्श पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे वातावरण में शिवाजी महाराज का जीवन और उनके संस्कार युवाओं को सही दिशा दे सकते हैं.

उन्होंने कहा कि कुछ नेता जेन ज़ी (Gen Z) को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे में युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ना आवश्यक है. प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है कि वह अपने नौनिहालों को विदेशी अपसंस्कृति से बचाए और उन्हें शिवाजी महाराज, मां जीजाबाई तथा समर्थ गुरु रामदास के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करे.

डॉ. गौतम ने बताया कि इसी जनजागरण के उद्देश्य से दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार की ओर से गाजियाबाद की सनसिटी में ‘जाणता राजा’ का सजीव मंचन किया जा रहा है. इस अवसर पर उन्होंने शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़ी कई प्रेरक घटनाओं का उल्लेख भी किया.

उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज उपस्थित रहेंगे. डॉ. गौतम ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की सैन्य रणनीति का लोहा आज भी भारत सहित पूरी दुनिया मानती है. उनकी छापामार युद्धनीति आज भी अनेक देशों के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री ने उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने का मिशन का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया है.

गाजियाबाद की सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस महानाट्य के माध्यम से मिशन का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रचेतना और सांस्कृतिक गौरव का भाव जागृत करना है. दिव्य प्रेम सेवा मिशन इससे पहले लखनऊ और आगरा में भी ‘जाणता राजा’ का सफलतापूर्वक आयोजन कर चुका है.

सात दिनों तक चलने वाले आयोजन में प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से लगभग चार घंटे तक सजीव मंचन होगा. इसमें 250 कलाकार भाग लेंगे. हाथी, घोड़े, ऊंट, तोपों, तलवारों और अन्य शस्त्रों के साथ ऐतिहासिक दृश्यों को मंच पर जीवंत किया जाएगा. छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की प्रमुख घटनाओं तथा सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियों के माध्यम से दर्शकों को उनके शौर्य, नेतृत्व और आदर्शों से परिचित कराया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, यह प्रस्तुति नई पीढ़ी में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का भाव जगाने का प्रयास है.

‘जाणता राजा’ के सफल आयोजन की मंगलकामना से सनसिटी स्थित कार्यक्रम स्थल के ‘शिव अवतरण मंडपम्’ में नवरात्रि के प्रथम दिन से प्रतिदिन रुद्राभिषेक किया जा रहा है. यह अनुष्ठान 28 अक्टूबर तक चलेगा.

आयोजन के दौरान अलग-अलग दिनों में राजनीति, धर्म, अध्यात्म और उद्योग जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियां सम्मिलित होंगी. दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों के सहायतार्थ आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पतंजलि योगपीठ के प्रमुख स्वामी रामदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की सहभागिता प्रस्तावित है.

आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 15 हजार दर्शकों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से बड़ी संख्या में लोगों के इसमें सम्मिलित होने की अपेक्षा है.

कार्यक्रम में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं. दिव्य प्रेम सेवा मिशन की टीमों ने दिल्ली-एनसीआर के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों से संपर्क किया है. डॉ. गौतम ने कहा कि हाल के घटनाक्रमों ने युवा छात्र-छात्राओं को शिवाजी महाराज के आदर्शों से जोड़ने की आवश्यकता को और स्पष्ट किया है.

मिशन की टीमें मार्च 2026 से आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई हैं. अब तक दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड में 300 से अधिक बैठकें, गोष्ठियां और सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं.

प्रेस वार्ता की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की. इस अवसर पर ‘जाणता राजा’ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक विनय चौधरी, आयोजन समिति के महामंत्री दीपक शर्मा तथा दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सह-संयोजक राघवेंद्र सिंह सहित दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार उपस्थित रहे.