लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाते, फिर सुनसान रास्तों पर... नोएडा में चेकिंग के दौरान पुलिस से भिड़े बदमाश, 4 गिरफ्तार
नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों को तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया.
ADVERTISEMENT

Noida Robbery Case: नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथियों को तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते थे और फिर सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूटपाट करते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं.
पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश
पुलिस के अनुसार रविवार रात सेक्टर-63 थाने की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा किया तो बहलोलपुर अंडरपास से आगे ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए गोली चलाई, जिसमें दो आरोपी पैर में घायल हो गए.
यह भी पढ़ें- बृजभूषण शरण सिंह का राहुल गांधी पर विवादित बयान, विदेशी फंडिंग को लेकर भी लगाए आरोप
विकास और राजेश को लगी गोली
घायल आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने इनके पास से एक-एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इनके पास मिली बुलेट मोटरसाइकिल थाना फेस-3 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित है. वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान इनके दो अन्य साथियों शंकर शर्मा और कपिल कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया. इनके कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और अपाचे मोटरसाइकिल मिली है. यह बाइक थाना सेक्टर-49 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित बताई गई है.
लिफ्ट देने के बहाने लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी शातिर अपराधी हैं. वे आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाते और फिर सुनसान रास्तों पर ले जाकर लूटपाट करते थे. वारदात के बाद पीड़ितों को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विकास पर 22, राजेश पर 18 और शंकर पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस अब चारों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें- 'उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी नाजायज...' बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने शरीयत का हवाला देकर उठाए सवाल
