पति-पत्नी शो का न्योता मिलते ही इमोशनल हुए पवन सिंह, बोले- मैं किसके साथ जाऊंगा?
मनोज तिवारी के रियलिटी शो के न्योते पर पवन सिंह ने ऐसा जवाब दिया कि सब हैरान रह गए. वहीं अक्षरा सिंह से माफी और ज्योति सिंह के करवा चौथ व्रत ने उनके रिश्तों को लेकर नई चर्चाएं छेड़ दी हैं. आखिर माजरा क्या है?
ADVERTISEMENT

भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है जिसमें वह एक अवॉर्ड शो के दौरान मनोज तिवारी के साथ मंच पर नजर आ रहे हैं. इस दौरान जब मनोज तिवारी ने उन्हें 'पति-पत्नी' वाले रियलिटी शो में आने का न्योता दिया तो पवन सिंह ने ऐसा मजेदार और तंज भरा जवाब दिया कि वहां मौजूद लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. एक तरफ जहां पवन सिंह के इस वीडियो और हाल ही में अक्षरा सिंह से मांगी गई माफी को लेकर सियासत और चर्चाएं तेज हैं. वहीं दूसरी तरफ तलाक के मुहाने पर खड़े रिश्ते के बीच ज्योति सिंह द्वारा करवा चौथ का व्रत रखने की तस्वीरों ने इस पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया है.
मनोज तिवारी का न्योता और पवन सिंह का मजेदार रिएक्शन
एक भोजपुरी अवॉर्ड शो के दौरान मंच पर मनोज तिवारी और पवन सिंह आपस में हंसी-मजाक करते नजर आए. बातचीत के दौरान जब मनोज तिवारी ने पवन सिंह को अपने शो में आने को कहा और शो का नाम 'पति-पत्नी' बताया तो पवन सिंह ने तुरंत चुटकी लेते हुए पूछा 'मैं ऐसे शो में जाकर क्या करूंगा और किसके साथ जाऊंगा?'
पवन सिंह ने आगे खुलासा किया कि उन्होंने शो के लोगों से कहा था कि वह किसके साथ जाएंगे? और शो वाले जिसका भी नाम लेते, वह हाथ जोड़कर नमस्कार कर देते. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है.
अक्षरा सिंह से माफी और ज्योति सिंह का तीखा तंज
हाल ही में पवन सिंह ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड अक्षरा सिंह से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी थी और उन्हें 'बाबू' कहकर संबोधित किया था जिसके बाद से राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं.
अक्षरा से माफी के बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह का गुस्सा फूट पड़ा था. ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर परोक्ष रूप से तंज कसते हुए यहां तक कह दिया था कि उन्हें ऐसा पति नहीं चाहिए.
तलाक के बीच ज्योति सिंह का करवा चौथ और अनबन का दौर
पवन सिंह और ज्योति सिंह का रिश्ता लंबे समय से कानूनी रूप से तलाक के मामलों और अदालतों के चक्कर काट रहा है, जहां पवन सिंह तलाक लेना चाहते हैं. इन तमाम विवादों और दूरियों के बावजूद हाल ही में ज्योति सिंह की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वह बालकनी से चांद देखकर पवन सिंह के लिए करवा चौथ का व्रत तोड़ती नजर आईं.
क्या सुलझेंगे रिश्ते या बढ़ेंगी मुश्किलें?
एक तरफ अक्षरा सिंह से माफी मांगकर पवन सिंह द्वारा संबंधों को सुधारने के संकेत देने की चर्चा है, तो दूसरी तरफ ज्योति सिंह का व्रत रखना और सोशल मीडिया पर तंज कसना फैंस के बीच पहेली बना हुआ है. हालांकि अक्षरा सिंह या उनके परिवार की तरफ से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन पवन सिंह का यह नया वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है.
