रिएलिटी शो से कायरा के बाहर होते ही फूट-फूटकर रोए मनीष कश्यप, टिश्यू पेपर पर लिखकर भेजा 'मिस यू'
रियलिटी शो राइज एंड फॉल में कायरा के एलिमिनेशन पर मनीष कश्यप फूट-फूटकर रो पड़े. प्रियंका चाहर चौधरी ने उन्हें संभाला. दोनों की बॉन्डिंग और मनीष की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT

बिहार के चर्चित यूट्यूबर और 'राइज एंड फॉल' रियलिटी शो के कंटेस्टेंट मनीष कश्यप इन दिनों अपने खेल के साथ-साथ को-कंटेस्टेंट कायरा के साथ अपनी गहरी बॉन्डिंग को लेकर सुर्खियों में हैं. शो के तीसरे हफ्ते के एलिमिनेशन के दौरान जब कायरा को बाहर होना पड़ा तो मनीष कश्यप खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े. उनकी यह इमोशनल रूप अब शो के अंदर और बाहर सोशल मीडिया पर सबसे बड़ा चर्चा का विषय बन गई है.
कायरा की विदाई पर रो पड़े मनीष कश्यप
शो के तीसरे हफ्ते के एलिमिनेशन में कायरा को शो से बाहर जाना पड़ा. उनके जाने की खबर सुनते ही मनीष कश्यप अंदर से टूट गए. कायरा की विदाई के वक्त वे काफी उदास नजर आए और उनके जाने के बाद वे कैमरे के सामने फफक-फफक कर रो पड़े. इस दौरान अभिनेत्री प्रियंका चाहर चौधरी ने आगे आकर उन्हें ढांढस बंधाया और संभाला. इसके बाद मनीष और प्रियंका ने मिलकर कायरा के लिए एक टिश्यू पेपर पर 'मिस यू' लिखकर भेजा.
'पता नहीं क्यों इतना लगाव हो गया...'
कायरा के जाने के बाद मनीष को अकेले में खुद से बात करते और भावुक होते हुए देखा गया. उन्होंने कहा कि उन्हें खुद समझ नहीं आ रहा कि उन्हें कायरा से इतना जुड़ाव क्यों हो गया है. उन्होंने मिस करते हुए कहा कि अब शो में उनके साथ कौन मजाक करेगा और उनकी अंग्रेजी कौन ठीक करेगा. इन बातों से यह साफ हो गया कि कम समय में ही दोनों के बीच एक मजबूत और आत्मीय रिश्ता बन चुका था.
मां के बयान और शादी की चर्चाओं का एंगल
इस पूरी बॉन्डिंग के बीच मनीष कश्यप की पर्सनल लाइफ को लेकर भी कयासों का बाजार गर्म है. इससे पहले मनीष की मां ने कुछ मीडिया इंटरव्यू में बताया था कि उनके बेटे की शादी तय हो चुकी है और उन्होंने अपने बेटे के लिए किसी हीरोइन से भी ज्यादा खूबसूरत बहू तलाशने की बात कही थी. अब रियलिटी शो में कायरा के प्रति मनीष के इस झुकाव और इमोशनल बॉन्ड को उनकी शादी की खबरों के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
गौतम गुलाटी की टिप्पणी और आगे का खेल
घर के अन्य प्रतियोगियों ने भी इस बॉन्डिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. कंटेस्टेंट गौतम गुलाटी ने पहले ही टिप्पणी की थी कि शो से बाहर निकलने के बाद शायद कायरा मनीष को याद भी न रखें. दूसरी तरफ मनीष अभी तक शो के 'सेफ जोन' में हैं. लेकिन जीत की दौड़ में आगे बढ़ने के लिए उन्हें पेंटहाउस तक पहुंचना होगा. कायरा के जाने के बाद मनीष के लिए अपने खेल पर फोकस करना और आगे का सफर तय करना एक बड़ी चुनौती बन गया है.
