छठ पूजा पर सीएम योगी ने भोजपुरी में दी शुभकामनाएं, बोले- मातृशक्ति की तपस्या और अनुशासन का प्रतीक है यह महापर्व
छठ महापर्व पर सीएम योगी का भोजपुरी में दिया गया खास संदेश सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है. जानिए उन्होंने छठी मैया से क्या प्रार्थना की और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरकार ने कैसे इंतजाम किए.
ADVERTISEMENT

लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम पूरे उत्तर प्रदेश समेत देशभर में देखने को मिल रही है. इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. इस बार सीएम योगी का शुभकामना संदेश सोशल मीडिया पर विशेष रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि उन्होंने यह पूरा संदेश भोजपुरी भाषा में दिया है जिसे लोग बेहद पसंद कर रहे हैं और जमकर शेयर कर रहे हैं.
सीएम योगी का भोजपुरी संदेश
अपने खास संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छठ सिर्फ एक पर्व नहीं बल्कि आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में महिलाएं और पुरुष अनुशासन का पालन करते हुए भगवान भास्कर की उपासना करते हैं.
भोजपुरी में शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा 'छठ महापर्व में शामिल सभी भाई-बहिनी लोगन के इ पावन पर्व के बहुत-बहुत बधाई और मंगलकामना. हम छठी मैया आ भगवान सूर्य देव से प्रार्थना करतानी कि रवा सभी पर उनकर कृपा बनल रहे... हई पर्व के सबसे बड़ा शक्ति हमार मातृशक्ति, हमार माई-बहन लोग हई, जवन तीन-तीन दिन निर्जला व्रत रख के परिवार, संतान अउरी पूरा समाज के मंगल खातिर तपस्या करेली.'
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान अब किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि यह हमारी संस्कृति की विविधता और एकात्मता का प्रतीक है. पिछले नौ वर्षों में सरकार ने ऐसी व्यवस्था बनाई है कि प्रदेश का हर व्यक्ति अपनी आस्था के अनुसार अपने पर्व और त्योहार सुरक्षित माहौल में मना सके. उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना की कि हर माता-बहन के जीवन में सुखमय माहौल हो, हर बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित हो और नौजवानों को रोजगार मिले ताकि यूपी विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके.
घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी रेखांकित किया कि यह पर्व हमें प्रकृति, जल और धरती के संरक्षण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का एहसास कराता है. इस बार छठ पर घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने प्रशासन को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए थे.
साफ-सफाई और रोशनी: सभी प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल का विशेष प्रबंध किया गया.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ जल पुलिस की तैनाती की गई.
निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं: प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए पैनी नजर रखी गई, साथ ही मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया.
