नेहा सिंह राठौर के फरार होने का क्लेम वायरल! पर ये तो कैमरे पर आईं और बोलीं चलिए मेरे साथ गोल्फ सिटी में मेरा घर देख लीजिए
लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को लेकर चर्चा चल रही है कि वह फरार चल रही हैं. लेकिन अब नेहा सिंह राठौर ने अपने फरार होने वाले दावे को लेकर खुद कैमरे के सामने आकर बात की है. उन्होंने ऐसे किसी भी दावे को गलत और झूठा बताया है.
ADVERTISEMENT

भोजपुरी की लोकगायिका नेहा सिंह राठौर अपने गाने के साथ साथ विवादित बयान को लेकर भी सुर्खियों में बनी रहती हैं. बीते कुछ वक्त से नेहा सिंह राठौर पहलगाम हमले को लेकर गाए हुए अपने विवादित गीत को लेकर चर्चा में हैं. लेकिन अभी भी नेहा सिंह की ये मुश्किलें उनका पीछा नहीं छोड़ रही हैं. पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले नेहा सिंह राठौर के पोस्ट को लेकर शिकायतकर्ता अभय प्रताप सिंह ने उनपर आरोप लगाया था. अभय प्रताप के आरोप के मुताबिक नेहा सिंह का पोस्ट सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और अशांति फैलाने की नीयत से की गई थीं. इस एफआईआर को रद्द कराने के लिए नेहा सिंह राठौर सर्वोच्च न्यायालय पहुंची थीं. लेकिन कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि FIR की जांच में दखल देना उचित नहीं है. इस बीच चर्चा चली कि नेहा सिंह राठौर फरार चल रही हैं. ये चर्चा उस वक्त शुरू हुई जब सोमवार को वाराणसी पुलिस उनके लखनऊ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी के फ्लैट पर पहुंची. लेकिन वह वहां नहीं मिलीं. ऐसे में खबर आई कि पुलिस ने फ्लैट के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया . लेकिन अब नेहा सिंह राठौर ने अपने फरार होने वाले दावे को लेकर खुद कैमरे के सामने आकर बात की है. उन्होंने ऐसे किसी भी दावे को गलत और झूठा बताया है.