लेटेस्ट न्यूज़

बिना डरे वोट करें शिक्षक... MLC चुनाव के लिए आगरा खंड से सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने बीजेपी पर लगाया गंभीर आरोप

ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 12 जिलों में मतदान चल रहा है. इस बीच आगरा खंड से समाजवादी पार्टी के शिक्षक प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने राज्य सरकार और प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि चुनाव में सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल हो रहा है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 12 जिलों में मतदान चल रहा है. इस बीच आगरा खंड से समाजवादी पार्टी के शिक्षक प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने राज्य सरकार और प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि चुनाव में सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल हो रहा है और प्रशासन पूरी तरह से सरकार के दबाव में काम कर रहा है. आकाश अग्रवाल ने मौजूदा हालात को अघोषित आपातकाल बताते हुए कहा है कि इस मामले में पुरानी कांग्रेस सरकार बेहतर थी, जिसने आपातकाल लगाने पर कम से कम उसकी घोषणा तो की थी. यह चुनाव आगरा खंड के करीब 51 हजार मतदाताओं के बीच हो रहा है, जिसमें सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जा रहे हैं.

पुलिस कार्रवाई और अघोषित आपातकाल

आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि प्रशासन पूरी तरह से राज्य सरकार की कठपुतली बन गया है. उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी स्कूल में अचानक 20 से 25 पुलिस वाले पहुंच जाते हैं. इससे ऐसा महसूस होता है कि शिक्षक इस देश के नागरिक न होकर पाकिस्तान से आए कोई आतंकवादी हों. उन्होंने इसे सत्ता का अघोषित आपातकाल बताया है, जहां सरकार के दबाव में मनमानी कार्रवाई की जा रही है. उनका यह भी कहना है कि अधिकारी दूर के जिलों में अपने ट्रांसफर के डर से ऐसा काम कर रहे हैं.

चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल

सपा प्रत्याशी ने चुनाव प्रक्रिया और प्रशासन की निष्पक्षता पर भी कई सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनके पोलिंग एजेंट नहीं बनने दिए जा रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पीठासीन अधिकारियों के रूप में सिर्फ एक ही डिप्लोमा इंजीनियर संघ के लोगों की ड्यूटी लगा दी गई थी. इन सभी समस्याओं को लेकर उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और चुनाव पर्यवेक्षक अभिषेक प्रकाश से फोन पर शिकायत भी की है.

मतदाताओं से की निडर अपील

प्रशासन और सरकार पर अनुचित दबाव बनाने का आरोप लगाने के बाद आकाश अग्रवाल ने मतदाताओं से निडर होकर वोट करने की अपील की है. उन्होंने सभी 12 जिलों के शिक्षक साथियों से कहा है कि वे अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट दें. उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि यह मतदान पूरी तरह से गुप्त होता है. चुनाव के बाद सभी 150 पेटियां एक साथ मिलाकर खोली जाती हैं, इसलिए यह पता नहीं चलता कि किसने किसे वोट दिया है. उन्होंने सभी से बिना डरे लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेने को कहा है.