लेटेस्ट न्यूज़

प्रयागराज में जमीन विवाद के चलते वकील सतीश चंद्र श्रीवास्तव की सरेआम हत्या, एसआरएन अस्पताल के बाहर वकीलों और परिजनों का हंगामा

ADVERTISEMENT

प्रयागराज में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या जमीन विवाद के कारण हुई. पुलिस ने तीन गिरफ्तारियां कीं. परिवार न्याय की मांग कर रहा है.

social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई है. इस खौफनाक वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है. कर्नलगंज थाना क्षेत्र में ज़मीन के विवाद को लेकर हुई इस हिंसा में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की जान चली गई, जिसके बाद परिजनों और वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा है.

क्या है हत्या की पूरी वजह?

मृतक सतीश चंद्र श्रीवास्तव और उनके पड़ोसी (मुख्य आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा) के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. परिवार का आरोप है कि इस संबंध में पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी. लेकिन पुलिस की लापरवाही के कारण समय रहते कोई एक्शन नहीं लिया गया.

विवाद बढ़ने पर बात मारपीट और ताबड़तोड़ फायरिंग तक पहुंच गई, जिसमें सतीश चंद्र को गंभीर गोलियां लगीं.. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस पर संरक्षण के आरोप और परिवार का दर्द

मृतक की पत्नी और परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है और उसके सत्ताधारी दल (बीजेपी) से संबंध होने की चर्चाएं भी हैं.

मृतक के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं. दुखी पत्नी ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश में "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" के बड़े-बड़े नारे तो लगते हैं, लेकिन उनके उजड़े परिवार और इन बेटियों का अब क्या होगा?

अस्पताल के बाहर उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम

हत्या की खबर मिलते ही वकीलों और परिजनों का गुस्सा उबल पड़ा. उन्होंने राजा स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल के गेट के बाहर शव को रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क पर जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है.

गिरफ्तारी और टीमें: पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमों का गठन किया गया है.

कानून-व्यवस्था: इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच तथा कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है.