लेटेस्ट न्यूज़

खतौली उपचुनाव से पहले RLD-SP गठबंधन को झटका, रालोद नेता अभिषेक चौधरी ने जॉइन की बीजेपी

मुजफ्फरनगर जिले की खतौली विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी तपिश तेज हो गई है. इस सीट से राष्ट्रीय लोक दल (रालोद)…

ADVERTISEMENT

social share
google news

मुजफ्फरनगर जिले की खतौली विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी तपिश तेज हो गई है. इस सीट से राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) और समाजवादी पार्टी (सपा) की तरफ से घोषित प्रत्याशी मदन भैया को लेकर पार्टी नेताओं की नाराजगी सामने आने लगी है.

खतौली से मदन भैया (Madan Bhaiya) को टिकट मिलने से नाराज रालोद नेता अभिषेक चौधरी गुर्जर मंगलवार को बीजेपी में शामिल हो गए. चौधरी के बीजेपी में शामिल होने से रालोद को उपचुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है.

बीजेपी में शामिल होने से पहले चौधरी ने ट्वीट कर कहा था, “पूरी निष्ठा से राष्ट्रीय अध्यक्षआदरणीय चौधरी अजीत सिंह और उनके बाद आदरणीय जयंत चौधरी जी द्वारा दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन किया प्रवक्ता के रूप में पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाया. जो लोग अपने क्षेत्र में जनता दोबारा ठुकरा दिया गए. उन्हें स्थानीय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर दूसरे जिले में लाकर टिकट दिए जाने से आहत हूं.”

उन्होंने आगे कहा था, “रालोद नेतृत्व के इस निर्णय से स्पष्ट है कि मुजफ्फरनगर के जो कार्यकर्ता और पदाधिकारी तन मन धन से पार्टी को मजबूत करने में लगे थे उनके लिए अब रालोद से अलग होकर नई राजनीतिक राह पर चलने का समय है.”

रालोद नेता चौधरी ने खतौली से पूर्व विधायक मदन भैया का टिकट घोषित होने के बाद पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताई थी. चौधरी ने वीडियो जारी कर कहा था कि खतौली उपचुनाव में टिकट के फैसले से वह व्यक्तिगत रूप से आहत और निराश हैं.

चौधरी का ये भी कहना था कि रालोद की तरफ से उन्हें पहले 2017, फिर 2022 में पक्का टिकट देने का वादा किया गया था, लेकिन टिकट नहीं मिला. अब खतौली उपचुनाव का मौका आया है तो उन्हें टिकट न देकर उनके सजातीय नेता को पार्टी ने टिकट दे दिया है.

बता दें कि इस सीट से बीजेपी ने विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को टिकट दिया है. अब चौधरी के बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी द्वारा खतौली सीट से प्रत्याशी बदलने के कयास लगाए जाने लगे हैं. ऐसी चर्चा भी है कि राजकुमारी सैनी की जगह बीजेपी अब चौधरी को खतौली से प्रत्याशी बना सकती है. हालांकि, अभी तक बीजेपी की तरफ से चौधरी को प्रत्याशी बनाए जाने संबंधी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

खतौली उपचुनाव: जयंत से मिले चंद्रशेखर, RLD प्रत्याशी मदन भैया को समर्थन देने का किया ऐलान

    follow whatsapp