बाराबंकी में MLC चुनाव से पहले भाजपा-सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़े, बूथ लगाने को लेकर हुआ जोरदार हंगामा
ADVERTISEMENT
Barabanki MLC Election: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एमएलसी चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले बीती रात बड़ा राजनीतिक हंगामा हो गया. शहर के लखपेड़ा बाग चौराहे पर चुनावी बूथ लगाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए.
Barabanki MLC Election: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एमएलसी चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले बीती रात बड़ा राजनीतिक हंगामा हो गया. शहर के लखपेड़ा बाग चौराहे पर चुनावी बूथ लगाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. रात के समय दोनों पक्षों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया. हाथापाई और बवाल की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात करना पड़ा. पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया, जिसके बाद दोनों दलों ने अपनी-अपनी अलग जगह पर शांति से बूथ लगाए.
बूथ लगाने की जगह पर विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत लखपेड़ा बाग चौराहे पर चुनावी एजेंटों के बैठने के लिए टेंट लगाने को लेकर हुई. भाजपा का आरोप है कि सपा कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति के भाजपा नेता आदित्य सिंह टाइगर की मार्केट के सामने अपना बूथ लगा लिया. भाजपा नेताओं और महिला पदाधिकारी के मुताबिक वहां उनका टेंट पहले से पड़ा था, लेकिन जब उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को वहां बूथ लगाने से रोक तो उन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और दबंगई दिखाई.
सपा ने लगाए भाजपा पर आरोप
दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने भाजपा के सभी आरोपों को गलत बताया है. सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने अपना बूथ पहले ही वहां लगा लिया था लेकिन रात में भाजपा के 8-10 लोगों ने आकर सत्ता का रौब दिखाते हुए उनके बूथ को जबरन हटवा दिया और सामान फेंक दिया. सपा नेताओं का कहना है कि भाजपा चुनाव में हार के डर से उन पर दबाव बना रही है. हालांकि विवाद को बढ़ता देख सपा कार्यकर्ताओं ने धारा 144 का पालन करते हुए अपना बूथ सड़क के दूसरी तरफ सामने की ओर लगा लिया.
हंगामे के बाद पहुंची भारी पुलिस
रात में हंगामे की खबर मिलते ही भाजपा और सपा के कई स्थानीय नेता और पदाधिकारी लखपेड़ा बाग चौराहे पर पहुंच गए थे. स्थिति को बिगड़ता देख भारी संख्या में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. आपको बता दें कि लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के इस एमएलसी चुनाव में भाजपा ने मौजूदा एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को टिकट दिया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने पूर्व एमएलसी कांति सिंह पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है.
