एक सोशल मीडिया पोस्ट ने मचा दिया बवाल...अखिलेश यादव के अल्टीमेटम के बाद भी नहीं माने निशिकांत दुबे, FIR तक पहुंचा मामला!
ADVERTISEMENT
UP News: टिन्नू यादव से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर अखिलेश यादव और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे आमने-सामने आ गए हैं. मामला अब सोशल मीडिया की बहस से आगे बढ़कर लीगल नोटिस, एफआईआर और मानहानि के दावे तक पहुंच गया है.
UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव तथा झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है. विवाद की वजह एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट बनी, जिसमें राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे टिन्नू यादव का नाम अखिलेश यादव से जोड़ने का दावा किया गया. इस पोस्ट को बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा रीपोस्ट किए जाने के बाद अखिलेश यादव ने इसे झूठा, मानहानिकारक और राजनीतिक साजिश बताते हुए पोस्ट हटाने की चेतावनी दी. जब पोस्ट नहीं हटाई गई तो समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के कई जिलों में एफआईआर के लिए तहरीर दी और पार्टी के लीगल सेल की ओर से मानहानि का कानूनी नोटिस भी भेज दिया.
