लेटेस्ट न्यूज़

कौन हैं जावेद अली खान, जिनके घर जाकर अखिलेश यादव ने बना दिया माहौल?

अखिलेश यादव के संभल दौरे ने यूपी की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है. जावेद अली खान के परिवार के समारोह में पहुंचे सपा प्रमुख ने परिसीमन और बीजेपी पर ऐसा तंज कसा, जिसके 2027 चुनाव से पहले कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.

ADVERTISEMENT

Javed Ali and Akhilesh Yadav
Javed Ali and Akhilesh Yadav
social share
Google CTA

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के संभल दौरे ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है. सपा के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के परिवार के एक निजी समारोह में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव ने इस मौके पर परिसीमन (डीलिमिटेशन) और अन्य राजनीतिक मुद्दों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस दौरे को संभल की मुस्लिम राजनीति और स्थानीय समीकरणों को साधने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है.

परिसीमन और 'कमल' के नारे पर अखिलेश यादव का हमला

संभल में कार्यकर्ताओं के बीच अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव हार रही है इसलिए परिसीमन (डीलिमिटेशन) लेकर आ रही है. उनके मुताबिक, भाजपा उत्तर प्रदेश खोना नहीं चाहती लेकिन प्रदेश में वह हार रही है और अभी तक अपना कोई नैरेटिव सेट नहीं कर पाई है.

अखिलेश यादव ने भाजपा के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब उनका 'कमल मुरझा गया' तो वे 'राधे-राधे कमल खिला दे' का नारा दे रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी का कमल मुरझा गया हो, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है.

कौन हैं जावेद अली खान जिनके घर पहंचे अखिलेश यादव

जावेद अली खान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद हैं. संभल के मिर्जापुर नरसुल्लापुर गांव के एक सामान्य किसान परिवार से आने वाले जावेद अली खान ने दिल्ली में पढ़ाई के दौरान वामपंथी छात्र संगठनों से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी. 1994 में सपा में शामिल होने के बाद वे 2006 में मुरादाबाद के जिला अध्यक्ष बने और पार्टी ने उन्हें 2014 तथा 2022 में राज्यसभा भेजा.

टिकट कटने के बावजूद संगठन से जुड़ाव: 2014 के लोकसभा चुनाव में पहले उन्हें संभल से उम्मीदवार बनाया गया था. लेकिन बाद में पार्टी ने उनका टिकट काटकर शफीकुर्रहमान बर्क को मैदान में उतारा. इसके बावजूद वे संगठन के साथ जुड़े रहे। ऐसे में उनके बेटे के पारिवारिक समारोह में अखिलेश यादव की मौजूदगी को उनके प्रति पार्टी के भरोसे और पुराने रिश्तों की अहमियत से जोड़कर देखा जा रहा है.

संभल का सियासी समीकरण और 2027 की चुनौती

संभल लंबे समय से सपा का प्रमुख केंद्र रहा है जहां से खुद मुलायम सिंह यादव और रामगोपाल यादव सांसद रह चुके हैं. यहां बर्क परिवार की मजबूत पकड़ रही है. शफीकुर्रहमान बर्क पांच बार सांसद रहे और 2024 में उनके निधन के बाद उनके पोते जिया उर रहमान बर्क ने संभल लोकसभा सीट जीती.

संभल की मुस्लिम राजनीति में बर्क परिवार के प्रभाव के अलावा लंबे समय से विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे इकबाल महमूद की स्थानीय पकड़ और जावेद अली खान के संगठनात्मक जुड़ाव जैसे अलग-अलग आधार हैं. इसके अलावा स्थानीय स्तर पर तुर्क और पठान समुदायों के बीच राजनीतिक प्रभाव की प्रतिस्पर्धा की भी चर्चा रही है जिसका उल्लेख 2026 में संभल हिंसा पर आई न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट में भी हुआ था.

2027 के चुनाव पर नजर

2014 में भाजपा ने संभल लोकसभा सीट जीती थी. जबकि 2019 और 2024 में सपा ने वापसी की. अब नवंबर 2024 की संभल हिंसा के बाद बदले माहौल और आसपास के जिलों जैसे रामपुर में आजम खान, अमरोहा में महबूब अली और मुरादाबाद के स्थानीय चेहरों के बीच समीकरण साधते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन दोहराना अखिलेश यादव के लिए अहम परीक्षा माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: मिर्जापुर से संजय निषाद ने बढ़ाई NDA की टेंशन! ज्यादा सीटों की मांग के साथ जल्द उम्मीदवार उतारने का ऐलान